
-अपने आप की बड़ी घटना
-एक पक्ष पूर्व विधायक सुरेंद्र सिंह तो दूसरा पूर्व सांसद मस्त के पुत्र विपुलेंद्र प्रताप सिंह
-बैरिया थाने में पहुंच दोनों पक्षों ने दी तहरीर, मुकदमा कायम करने में जुटी पुलिस
शशिकांत ओझा
बलिया : बैरिया थाना क्षेत्र में रविवार की शाम दो राजनीतिक परिवारों में जमकर मारपीट हो गयी। दोनों पक्षों से चार चार लोग घायल हुए। मारपीट के दोनों पक्ष सत्ताधारी भाजपा के ही राजनीतिक दिग्गज माने जाते हैं। एक पक्ष पूर्व विधायक सुरेंद्र सिंह हैं तो दूसरा पक्ष पूर्व सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त के पुत्र डा. विपुलेंद्र प्रताप सिंह हैं। पुलिस दोनों पक्षों की तहरीर पर मुकदमा कायम करने में जुटी है।
सोनबरसा निवासी सामू उपाध्याय की पत्नी के अंतिम संस्कार में हुकुम छपरा गंगा घाट पर पूर्व विधायक सुरेंद्र सिंह और पूर्व सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त के पुत्र डा. विपुलेंद्र सिंह भी मौजूद थे। दोनों भाजपा नेताओं में किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। लगा दोनों पक्ष आपस में भिड़ जाएंगे पर वहां मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया। वहां से लौटते समय देवराज ब्रह्म मोड़ पर दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए। मारपीट जमकर हुई। दोनों तरफ से लाठी डंडे ईंट पत्थर भी चला। एक पक्ष से पूर्व विधायक सुरेंद्र सिंह सहित चार लोग चोटिल हुए वहीं दूसरे पक्ष से भी पूर्व सांसद के पुत्र विपुलेंद्र सहित चार लोग घायल हुए।
अपर पुलिस अधीक्षक कृपा शंकर ने बताया कि अंत्येष्टि कार्यक्रम में मारपीट की घटना के बाद दोनों पक्षों ने थाने में तहरीर दी है। अभियोग पंजीकरण की कार्यवाही चल रही है। आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।