
मिशन विधानसभा 2027
-फेफना विधानसभा क्षेत्र में अभी से बड़ी कर्कश दिख रही भाजपा टिकट की लड़ाई

शशिकांत ओझा
बलिया : उत्तर प्रदेश में विधानसभा का चुनाव 2027 में होना है पर प्रत्येक विधानसभा क्षेत्रों में टिकट की लड़ाई अभी से बड़ी कर्कश हो गई है। टिकट की जंग तो वैसे सभी पार्टियों में दिख रही है पर सत्ताधारी भाजपा में बात की कुछ और है। जनपद बलिया में वैसे तो सभी विधानसभा क्षेत्रों में जंग दिख रही है पर 360 विधानसभा क्षेत्र फेफना की लड़ाई अधिक कर्कश दिखने लगी है। लोगों के बीच की चर्चा अब यक्ष प्रश्न बन गई है टिकट वाला कमल ताज किसके सिर सजेगा। क्या पूर्व मंत्री उपेंद्र तिवारी पूर्व की भांति टिकट ताज बचा लेंगे या पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर की पुत्रवधू डा सुषमा शेखर कमल ताज हासिल करने में सफल होंगी।






वरिष्ठ भाजपा नेता पूर्व मंत्री उपेंद्र तिवारी जब से क्षेत्र में आए भाजपा को शिखर पर पहुंचाया। वे सपा सरकार के वरिष्ठ नेता तत्कालीन राजस्व मंत्री अंबिका चौधरी को हरा विधानसभा में दाखिल हुए। दूसरी बार भी लगातार चुनाव जीत कर वह योगी आदित्यनाथ की प्रथम कैबिनेट में मंत्री भी बने। विधानसभा चुनाव 2022 में समाजवादी पार्टी के संग्राम सिंह यादव ने उन्हें हरा दिया। फेफना में वर्तमान में सपा के विधायक हैं। भाजपा में इन दिनों टिकट की जंग चल रही है। पूर्व मंत्री उपेंद्र तिवारी क्षेत्र में लगातार बने हुए हैं तो वरिष्ठ भाजपा नेता राज्यसभा सांसद नीरज शेखर की पत्नी, पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर की पुत्रवधू डा सुषमा शेखर उन्हें बड़ी चुनौती दे रही हैं। डा. सुषमा शेखर भी अपना एक कदम दिल्ली तो एक कदम फेफना में रख रही हैं। डा सुषमा शेखर भी क्षेत्र में लगातार बनीं हुई हैं। डा सुषमा शेखर पूर्व मंत्री उपेंद्र तिवारी को निश्चित कड़ी चुनौती दे रही हैं।
विधानसभा का टिकट तो पार्टी अपने समय पर निर्धारित करेगी पर लोगों में टिकट के लिए जंग बड़ी चर्चा का विषय है। डा सुषमा शेखर विधानसभा क्षेत्र की आधी आबादी में अपनी पकड़ मजबूत करती जा रहीं हैं। देखना रोचक होगा कि क्या पूर्व मंत्री उपेंद्र तिवारी 360 फेफना की अपनी दावेदारी बचा लेते हैं कि डा. सुषमा शेखर चुनाव लड़ती हैं। पार्टी इन दोनों के इतर तीसरे को भी उम्मीदवार बना सकती है।







