अन्य उत्तर प्रदेश खेल देश पूर्वांचल बलिया राजनीति राज्य

एक ही किसान को अत्यधिक यूरिया देना विक्रेताओं को पड़ा महंगा, चार लाइसेंस निरस्त

-कृषि विभाग की बड़ी कार्रवाई
-मार्च 2026 में टाप 20 पोर्टल समीक्षा में मामला आया सामने, हुई कार्रवाई
-बैरिया ब्लाक में दो, नगरा और गड़वार में एक एक का लाइसेंस निरस्त

शशिकांत ओझा

बलिया : जनपद में मानक को ताक पर रख मनचाहे किसान को अत्यधिक यूरिया देना जनपद के चार उर्वरक विक्रेताओं को मंहगा पड़ गया है। मामले को संज्ञान में लेते हुए जिला कृषि अधिकारी ने चार उर्वरक विक्रेताओं का लाइसेंस निरस्त कर दिया है। जिला कृषि अधिकारी की इस कार्रवाई से ज़िले के उर्वरक विक्रेताओं में हड़कंप मचा है।

मार्च 2026 में टाप 20 पोर्टल समीक्षा में यह मामला प्रकाश में आया कि जनपद के कई उर्वरक विक्रेता मानक के विपरित उर्वरक बिक्री कर रहे हैं। मेसर्स आदर्श खाद एवं बीज भंडार मूनछपरा बैरिया (आईडी नं. 1546822), मेसर्स गायत्री खाद एवं बीज भंडार बैरिया (आईडी नं. 612999), मेसर्स दयाशंकर बीज भंडार बरौली नगरा (आईडी नं. 7555426) और मेसर्स पारसनाथ वर्मा केंद्र बड़सरी गड़वार (आईडी नं. 285849) ने एक ही किसान को अत्यधिक मात्रा में यूरिया दिया। इससे इनकी कालाबाजारी स्पष्ट हुई। विभाग ने चारों विक्रेताओं को नोटिस भेजकर स्पष्टीकरण मांगा। दो विक्रेताओं ने तो विभाग की नोटिस का जवाब ही नहीं दिया। दो ने जवाब दिया भी तो वह पुख्ता सबूतों के अभाव का था और संतोषजनक नहीं था। जिला कृषि अधिकारी पवन कुमार प्रजापति ने उक्त मामले में चारों विक्रेताओं का लाइसेंस निरस्त कर दिया।

जिला कृषि अधिकारी ने यह भी कहा कि समीक्षा समय समय पर विभिन्न माध्यमों से होती रहती है। जो भी विक्रेता दोषी पाया जाएगा उसके विरुद्ध कार्रवाई होगी। जिला कृषि अधिकारी ने किसानों से भी उर्वरक भंडारण से बचने की बात कही।