अन्य उत्तर प्रदेश खेल देश पूर्वांचल बलिया राजनीति राज्य

बलिया ज़िला कारागार की निर्माण तैयारी हुई तेज, जुलाई में हो सकता शिलान्यास

-जिलाधिकारी ने की समीक्षा
-अधिकारियों को दिया निर्देश, शीघ्र किसानों से लिया जाए सहमति पत्र

शशिकांत ओझा

बलिया : जनपद में प्रस्तावित जिला जेल के निर्माण को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी है। संभावना है कि जुलाई माह में जिला जेल निर्माण का शिलान्यास होगा। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने बुधवार को अपने कार्यालय कक्ष में संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर भूमि क्रय एवं अधिग्रहण की प्रगति की समीक्षा की।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि 20 मई तक जिला जेल के लिए प्रस्तावित भूमि का चिन्हांकन, पैमाइश तथा किसानों से सहमति पत्र प्राप्त करने की प्रक्रिया पूरी कर ली जाए। उन्होंने अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से सभी औपचारिकताएं पूरी करने के निर्देश दिए। समीक्षा के दौरान यह भी तय किया गया कि मई माह के भीतर भूमि के दर निर्धारण की कार्यवाही पूरी कर ली जाएगी। वहीं जून माह में बैनामा कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, ताकि निर्माण कार्य में किसी प्रकार की देरी न हो। जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि सभी प्रक्रियाएं पारदर्शिता एवं समन्वय के साथ पूरी की जाएं। प्रशासन ने जुलाई माह में जिला जेल की भूमि का शिलान्यास कराने का लक्ष्य निर्धारित किया है। जिला जेल निर्माण को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तेजी से कार्रवाई किए जाने से परियोजना को जल्द धरातल पर उतारने की उम्मीद बढ़ गई है। बैठक में मुख्य राजस्व अधिकारी त्रिभुवन, सिटी मजिस्ट्रेट आसाराम वर्मा, एडीएम अनिल कुमार एवं अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।

पीएम या सीएम करेंगे शिलान्यास : परिवहन मंत्री

बलिया ज़िला कारागार का शिलान्यास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी या मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे। प्रदेश सरकार के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह जनपद के विकास की योजनाओं को लेकर काफी सक्रिय हैं और उन्होंने ही बताया है कि जिला कारागार का शिलान्यास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। यदि प्रधानमंत्री का समय अपरिहार्यता वश नहीं मिला तो मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आधारशिला रखेंगे।