-मिशन 2027
-बलिया की छह विधानसभाओं में से चार में है इनका दावा
-देखना रोचक होगा कि किस करवट बैठेगा भाजपा का चुनावी ऊंट

शशिकांत ओझा
बलिया : जनपद में कुल सात विधानसभा क्षेत्र हैं। बेल्थरा रोड अनुसूचित जाति के लिए सुरक्षित है तो जनपद में सामान्य के लिए आधा दर्जन विधानसभा क्षेत्र ही हैं। ऐसे में यदि चार विधानसभा क्षेत्रों में राजपूत बिरादरी का दावा मजबूत हो तो पार्टी के लिए उम्मीदवार चुनाव और चुनावी ऊंट को ठीक ठाक बैठाना फजीहत है। मिशन विधानसभा 2027 में बलिया जनपद भारतीय जनता पार्टी के लिए कुछ ऐसा ही होता दिख रहा है। आधा दर्जन विधानसभा क्षेत्र में चार विधानसभा क्षेत्रों में राजपूत बिरादरी के दमदार दावेदार हैं, देखना रोचक होगा कि भाजपा क्या करती है।


बलिया जनपद के विधानसभा क्षेत्र बलिया नगर से दयाशंकर सिंह विधायक हैं और सरकार में परिवहन मंत्री भी। विधानसभा क्षेत्र बांसडीह से केतकी सिंह विधायक हैं। ऐसे में इन दो सीटों पर तो वर्तमान में भाजपा और राजपूत बिरादरी सिटिंग है। विधानसभा क्षेत्र फेफना से पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर की पुत्रवधू डा सुषमा शेखर का मजबूत दावा है। विधानसभा क्षेत्र बैरिया में निर्भय नारायण सिंह, सुरेंद्र सिंह, विजयलक्ष्मी सिंह, डा विपुलेंद्र सिंह, सूर्यभान सिंह का दावा भी मजबूत है। ऐसे में भाजपा कहां कहां से राजपूत बिरादरी का उम्मीदवार उतारेगी यह यक्ष प्रश्न है। किसे मौका मिलेगा यह सवाल अभी नहीं है। भाजपा वैसे तो सबका साथ सबका विकास का नारा लेकर चलती है उसे सपा के पीडीए फार्मूले को भी दबाना है। एनडीए के घटक दल सुभासपा और निषाद पार्टी को भी देखना है। ऐसे में सिर्फ रसड़ा और सिकंदरपुर विधानसभा में किस किस विरादरी को समायोजित किया जाएगा। सबको समायोजित करने में निश्चित तौर पर राजपूत बिरादरी को भी टिकट में चुनावी बली देनी होगी। दयाशंकर सिंह, केतकी सिंह (दोनों विधायक) संग बैरिया और फेफना में भी राजपूत दावा भाजपा के लिए निश्चित सोचनीय होगा।



