
-बलिया के प्रवास पर मंत्री
-आदर्श ग्राम पंचायत सरयां में की खाद्य एवं रसद विभाग की संगोष्ठी
-पं प्रदीप मिश्र के श्रीमुख से चल रही शिवमहापुराण कथा का भी किया श्रवण

शशिकांत ओझा
बलिया : उत्तर प्रदेश सरकार के खाद्य एवं रसद विभाग के कैबिनेट मन्त्री मनोज पाण्डेय रविवार को बलिया प्रवास पर रहे। पूरे दिन मंत्री को जब जहां मौका मिला उन्होंने अपने मित्र प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री, वरिष्ठ भाजपा नेता नारद राय का कद भी और बढ़ाया। उन्होंने कहा नारद राय ने अपना पूरा जीवन समाज के लिए ही समर्पित कर दिया है। खाद्य एवं रसद मंत्री मनोज पाण्डेय ने दिउली में चल रही पं प्रदीप मिश्र की शिव पुराण कथा का श्रवण किया और सरयां गांव में विभाग की संगोष्ठी में सहभागिता की। पूर्व मंत्री नारद राय भी उनके साथ रहे।





जनपद के आदर्श ग्रामसभा सरयां के ग्राम प्रधान विनोद सिंह के संयोजन में जूनियर हाईस्कूल सरयां के मीटिंग हाल में खाद्य एवं रसद विभाग की संगोष्ठी आयोजित की गई। संगोष्ठी में मुख्य अतिथि के रूप में खाद्य एवं रसद विभाग के कैबिनेट मन्त्री मनोज पाण्डेय व विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व मन्त्री नारद राय उपस्थित रहे। इस अवसर पर मनोज पाण्डेय ने सरयां गाँव की मुक्त कंठ से प्रशंसा करते हुए अधिकारियों को यह निर्देश दिए कि अन्न योजना का लाभ सुचारू रूप से जनसामान्य तक पहुंचाया जाए। उन्होंने पूर्व मन्त्री नारद राय की प्रशंसा करते हुए कहा कि नारद राय ने अपना सम्पूर्ण जीवन समाज को समर्पित किया है, हमें उनसे समाजसेवा के गुण सीखना चाहिए। पूर्व मन्त्री नारद राय ने मंत्री मनोज पाण्डेय का स्वागत करते हुए कहा कि बाबा बालखण्डी नाथ की धरती पर आप पधारे हैं बाबा आपको अनवरत समाजसेवा करने की शक्ति प्रदान करें। इस अवसर पर सरयां ग्रामसभा के उपस्थित किसानों के नेतृत्व में ग्राम प्रधान विनोद सिंह ने ग्रामसभा सरयां में अन्नपूर्णा भवन व मक्का खरीद केन्द्र बनाए जाने की माँग रखी जिसे शीघ्र पूरा करने के लिए मंत्री ने जिला खाद्यापूर्ति अधिकारी को आवश्यक निर्देश दिए।

