अन्य उत्तर प्रदेश खेल देश पूर्वांचल बलिया राजनीति राज्य

रेडक्रास सोसायटी व जिला चिकित्सालय के संयुक्त बैनर तले रक्तदान शिविर

विश्व रक्तदाता दिवस-
-शिविर में प्रभारी मंत्री दयाशंकर मिश्र “दयालु” की रही मौजूदगी
-रक्तदान शिविर में 20 रक्त महादानियों ने किया रक्तदान

शशिकांत ओझा

बलिया : जिला चिकित्सालय, बलिया एवं रेडक्रॉस सोसायटी के द्वारा विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर जिला अस्पताल के ब्लड बैंक में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ आयुष मंत्री एवं जनपद के प्रभारी मंत्री दयाशंकर मिश्र, दयालु जी ने फीता काटकर किया।

मंत्री दयालु मिश्र ने कहा की रक्त मानव जीवन का अमूल्य आधार है। आधुनिक चिकित्सा विज्ञान में अनेक ऐसी परिस्थितियां आती हैं, जहां रक्त के बिना मरीज का जीवन बचाना संभव नहीं होता। दुर्घटना, प्रसव, बड़ी शल्य चिकित्सा, कैंसर, थैलेसीमिया, हीमोफीलिया तथा अन्य गंभीर बीमारियों के उपचार में रक्त की आवश्यकता पड़ती है। ऐसे में स्वैच्छिक रक्तदाता किसी अज्ञात व्यक्ति के लिए जीवनदाता बनकर सामने आते हैं। इन्हीं निस्वार्थ रक्तदाताओं के प्रति सम्मान और लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से प्रतिवर्ष 14 जून को विश्व रक्तदाता दिवस मनाया जाता है। जिलाध्यक्ष संजय मिश्रा ने कहा कि विश्व रक्तदाता दिवस का आयोजन विश्व स्वास्थ्य संगठन द्वारा वर्ष 2004 से किया जा रहा है।

14 जून को नोबेल पुरस्कार विजेता वैज्ञानिक कार्ल लैंडस्टीनर की जयंती होती है, जिन्होंने रक्त समूहों (ब्लड ग्रुप) की खोज कर चिकित्सा विज्ञान में क्रांतिकारी योगदान दिया था। उनके सम्मान में ही इस दिन को विश्व रक्तदाता दिवस के रूप में मनाया जाता है। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने कहा कि रक्तदान को महादान कहा जाता है क्योंकि यह ऐसा दान है जिससे किसी व्यक्ति को नया जीवन मिल सकता है। एक यूनिट रक्त से तीन अलग-अलग मरीजों की सहायता की जा सकती है। रक्त का कोई कृत्रिम विकल्प नहीं है और इसे केवल एक स्वस्थ व्यक्ति के रक्तदान से ही प्राप्त किया जा सकता है। यही कारण है कि नियमित और स्वैच्छिक रक्तदान को समाज के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है। शिविर में कुल 20 महादानियों ने रक्तदान महादान किया। इस अवसर पर सभी स्वैच्छिक रक्तदाताओं को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया तथा मानव सेवा और जनकल्याण के लिए रक्तदान करने वाले सभी रक्तवीरों का अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम में सहयोगी सभी स्वयं सेवी संगठनों तथा मेडिकल स्टाफ को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जिनमें प्रमुख रूप से डा रितेश सोनी ब्लड बैंक प्रभारी, डॉ वसुंधरा सिन्हा, डॉ दीपक गुप्ता, डॉ संतोष चौधरी, रेडक्रॉस से शैलेन्द्र पाण्डेय, अमर उजाला फाउंडेशन, एन सी सी इत्यादि संगठनों के प्रतिनिधियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। अंत में मुख्य चिकित्सा अधिकारी जिला अस्पताल डॉ सुजीत यादव ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में माननीय पूर्व मंत्री उपेंद्र तिवारी, पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डा. ओम नारायण राय सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी व स्वयं सेवी संगठनों के पदाधिकारी एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।