
-नौ दिवसीय भव्य धार्मिक आयोजन
-श्रद्धालुओं ने नम आंखों से अंतरराष्ट्रीय कथावाचक राजन जी महाराज की करी विदाई
-विधायक केतकी सिंह के नेतृत्व में चले आयोजन में सभी ने मनोयोग से किया सहभाग


शशिकांत ओझा
बलिया : बेरुआरबारी क्षेत्र के बाबा भगवान दास समाधि स्थल पर बाबा अमरनाथ सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित नौ दिवसीय संगीतमय श्रीरामकथा का समापन सोमवार को श्रद्धा, भक्ति और भावनाओं के अद्भुत संगम के साथ हुआ। कथा के अंतिम दिन अंतरराष्ट्रीय कथावाचक राजन जी महाराज ने भगवान श्रीराम के आदर्शों, मर्यादा, सेवा और मानवता का संदेश देते हुए श्रद्धालुओं से अपने जीवन में धर्म, संस्कार और सदाचार को अपनाने का आह्वान किया। कथा समापन के बाद आयोजित विदाई समारोह का दृश्य अत्यंत भावुक रहा। कथा स्थल पर मौजूद सैकड़ों महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं की आंखें नम हो गईं।


श्रद्धालुओं ने राजन जी महाराज का पुष्पवर्षा, माल्यार्पण एवं अंगवस्त्रम भेंट कर भव्य सम्मान किया तथा उनके उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना की। इस अवसर पर राजन जी महाराज ने भी श्रद्धालुओं के स्नेह, प्रेम और सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए पुनः मिलने का विश्वास दिलाया। विदाई के दौरान पूरा पंडाल “जय श्रीराम” और राजन जी महाराज के जयघोष से गूंज उठा। श्रद्धालु भावुक मन से महाराज जी का आशीर्वाद लेकर उन्हें विदा करते रहे। आयोजक विधायक केतकी सिंह ने सभी का आभार जताते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।

कथा समापन के बाद भव्य भंडारे का आयोजन
कथा समापन के उपरांत भव्य भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन समिति ने कथा के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी दानदाताओं, कार्यकर्ताओं, प्रशासनिक अधिकारियों एवं क्षेत्रवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उल्लेखनीय है कि नौ दिनों तक चली इस संगीतमय श्रीरामकथा में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर धर्म, भक्ति और आध्यात्मिक ज्ञान का लाभ प्राप्त किया। समापन अवसर पर क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि तथा आसपास के गांवों से पहुंचे श्रद्धालुओं की भी उल्लेखनीय उपस्थिति रही।


