
-हरियाणा में गूंजेगा बलिया का नाम
-सीबीएसई ईस्ट जोन प्रतियोगिता में अंडर-14 और अंडर-19 टीम को गोल्ड मेडल
-विद्यालय के निदेशक डा अरुण सिंह गामा और प्रिंसिपल अर्पिता सिंह ने दी बधाई

शशिकांत ओझा
बलिया : सनबीम स्कूल अगरसंडा के हाकी खिलाड़ियों ने सीबीएसई ईस्ट जोन क्रीड़ा प्रतियोगिता में एक कीर्तिमान गढ़ा है। अंडर 14 और अंडर 19 टीम ने गोल्ड मेडल जीत नेशनल प्रतियोगिता में में अपना स्थान सुरक्षित किया है। अब बलिया की यह टीम हरियाणा में अपना जलवा दिखाएगी।




गोरखपुर स्थित बीएन पब्लिक स्कूल में आयोजित तीन दिवसीय ‘सीबीएसई ईस्ट ज़ोन हॉकी चैंपियनशिप में सनबीम स्कूल बलिया के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए इतिहास रचा। चैंपियनशिप के फाइनल मैच में विद्यालय की अंडर-14 टीम ने डीपीएस पटना और अंडर-19 टीम ने आर्मी पब्लिक स्कूल, कानपुर को हराकर अपने-अपने वर्ग में प्रथम स्थान हासिल कर गोल्ड मेडल अर्जित किया। इस दोहरी स्वर्णिम सफलता के साथ ही दोनों टीमों ने हरियाणा में आयोजित होने वाली आगामी सीबीएसई नेशनल हॉकी चैंपियनशिप के लिए भी आधिकारिक रूप से क्वालीफाई कर लिया।

खिलाड़ियों की सफलता पर विद्यालय निदेशक डॉ कुंवर अरुण सिंह “गामा” ने अपनी प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि हॉकी केवल एक खेल नहीं, बल्कि समर्पण और अनुशासन का प्रतीक है। हमारे अंडर-14 और अंडर-19 खिलाड़ियों ने यह साबित कर दिया है कि जब सही दिशा, कड़ी मेहनत और दृढ़ संकल्प का मेल होता है, तो सफलता अवश्य मिलती है। विद्यालय परिवार को अपने इन युवा चैंपियनों पर अत्यंत गर्व है। हमें पूरा विश्वास है कि हरियाणा में होने वाले नेशनल में भी बलिया के ये सितारे अपने खेल से पूरे प्रदेश का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने आगे कहा कि विद्यालय का मूल उद्देश्य केवल बच्चों का शैक्षणिक विकास करना ही नहीं, बल्कि उनकी छिपी हुई प्रतिभाओं को पहचानकर उन्हें निखारना और एक सही मंच प्रदान करना है। विद्यालय की प्रधानाचार्या डा. अर्पिता सिंह ने सभी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि जीत की यह ट्रॉफी हमारे खिलाड़ियों के निरंतर अभ्यास, कोचों के अथक परिश्रम और अभिभावकों के अटूट विश्वास का परिणाम है। हमारा उद्देश्य बच्चों को हर क्षेत्र में आगे बढ़ाना है। यह तो बस एक शुरुआत है, आगे सफलता के कई नए कीर्तिमान स्थापित करने बाकी है।






