अन्य उत्तर प्रदेश खेल देश पूर्वांचल बलिया राजनीति राज्य

‘ॐ नरेंद्र मोदी नमः’ का बलिया ज़िला अस्पताल में हुआ जाप

-अनोखा विरोध प्रदर्शन
-जिला अस्पताल के पोस्टमार्टम हाउस के डिप फ्रीजर ठीक कराने की मांग
-कांग्रेस नेता सागर सिंह राहुल ने साथियों संग भगवान मोदी का किया जाप
-कहा इससे भी ठीक नहीं हुआ डिप फ्रीजर तो मान लेंगे मोदी भगवान भी फेल


शशिकांत ओझा


बलिया : जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम हाउस में खराब पड़े डिप फ्रीजरों को लेकर सोमवार को कांग्रेस नेता सागर सिंह राहुल ने अपने साथियों के साथ अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने व्यंग्यात्मक रूप से ‘ॐ नरेंद्र मोदी नमः’ का जाप किया और जिला अस्पताल पोस्टमार्टम हाउस के सभी खराब पड़े डिप फ्रीजरों को तत्काल दुरुस्त कराने की मांग उठाई।

कांग्रेस नेता सागर सिंह राहुल ने कहा कि यह विरोध प्रदर्शन सरकार और जिम्मेदार अधिकारियों का ध्यान जिला अस्पताल की बदहाल व्यवस्थाओं की ओर आकर्षित करने के लिए किया गया है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम हाउस जैसी महत्वपूर्ण जगह पर आवश्यक उपकरण लंबे समय से खराब पड़े रहें, जिससे शवों की दुर्गति हो यह गंभीर चिंता का विषय है। तंज कसते हुए कहा कि आजकल यह कहा जा रहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भगवान मानने पर चमत्कार हो रहे हैं। इसलिए उन्होंने भी सोचा कि क्यों न भगवान के नाम का जाप कर पोस्टमार्टम हाउस के खराब पड़े डिप फ्रीजरों को ठीक कराने का चमत्कार कराया जाए। सागर सिंह राहुल ने कहा कि ‘ॐ नरेंद्र मोदी नमः’ का जाप करने के बाद भी यदि जिला अस्पताल पोस्टमार्टम हाउस के डिप फ्रीजर ठीक नहीं होते हैं तो यह मानने में कोई संकोच नहीं होगा कि मोदी भगवान भी फेल हो गए। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य किसी की धार्मिक भावना को ठेस पहुंचाना नहीं, बल्कि सरकार और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़ा करना है। उन्होंने मांग की कि जिला अस्पताल पोस्टमार्टम हाउस में खराब पड़े सभी डिप फ्रीजरों की तत्काल मरम्मत कराई जाए तथा अस्पताल की अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की भी नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए, ताकि कोई परेशान न होना पड़े। इस अनूठे विरोध प्रदर्शन को देखने के लिए आसपास के लोग भी जुटे रहे और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अस्पताल और पोस्टमार्टम हाउस की व्यवस्थाओं को लेकर अपनी आवाज बुलंद की।