
-जनता दरबार
-रक्षाबंधन के दिन शुक्रवार को क्षेत्र की बहनों ने बांधी राखी
-शनिवार को कुसौरा जनता दरबार में पहुंची बड़ी संख्या में जनता

शशिकांत ओझा
बलिया : लोकसभा क्षेत्र सलेमपुर में सक्रिय समाजसेवी योगेश्वर सिंह पिछले तीन दिन से अपने पैतृक आवास कुसौरा में रहकर क्षेत्र की जनता से लगातार संवाद कर रहे हैं। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर जहां दिन भर क्षेत्र के विभिन्न गांवों से पहुंची बहनों ने उन्हें राखी बांधकर अपने स्नेह और विश्वास का परिचय दिया, वहीं शनिवार को उनके कुसौरा आवास पर लगे जनता दरबार में सैकड़ों की संख्या में लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे।

शनिवार को सुबह से ही योगेश्वर सिंह के आवास पर क्षेत्रवासियों का आना शुरू हो गया था। ग्रामीणों ने व्यक्तिगत, सामाजिक एवं जनसमस्याओं से जुड़े विभिन्न मुद्दे समाजसेवी के समक्ष रखे। योगेश्वर सिंह ने एक-एक कर लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके समुचित समाधान के लिए संबंधित स्तर पर आवश्यक प्रयास करने का भरोसा दिलाया। जनता दरबार में पहुंचे लोगों का कहना था कि योगेश्वर सिंह क्षेत्र के लोगों से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को सुनते हैं और समाधान के लिए सक्रिय रहते हैं। इस दौरान कई लोगों ने स्थानीय स्तर की समस्याओं के साथ-साथ प्रशासनिक एवं जनहित से जुड़े मुद्दों को भी उनके समक्ष रखा। समाजसेवी योगेश्वर सिंह ने कहा कि जनसेवा ही उनके जीवन का प्रमुख उद्देश्य है। क्षेत्र की जनता का स्नेह, विश्वास और अपनापन उन्हें निरंतर जनहित में कार्य करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति की समस्या छोटी या बड़ी नहीं होती और हर संभव स्तर पर उसका समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा। रक्षाबंधन के अवसर पर बहनों द्वारा राखी बांधने के भावनात्मक दृश्य की चर्चा भी क्षेत्र में रही। योगेश्वर सिंह ने बहनों के स्नेह को अपना सौभाग्य बताते हुए उनके सम्मान और सुरक्षा के प्रति सदैव तत्पर रहने की बात कही। कुसौरा आवास पर लगातार बढ़ रही लोगों की आवाजाही यह संकेत दे रही है कि समाजसेवी योगेश्वर सिंह की क्षेत्र में सक्रियता और जनसंपर्क लगातार मजबूत हो रहा है। शनिवार का जनता दरबार भी इसी जनविश्वास की एक तस्वीर बनकर सामने आया।



