
-अतिक्रमण पर अभियान
-नगर पंचायत प्रशासन ने वर्षों से कब्जाई गई भूमि को कराया मुक्त

शशिकांत ओझा
बलिया : नगर पंचायत चितबड़ागांव प्रशासन ने रविवार की शाम वार्ड संख्या-6 स्थित प्राचीन शिव मंदिर के समीप नगर पंचायत की भूमि पर वर्षों से किए गए अवैध अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए व्यापक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। अतिक्रमण पर चले बुल्डोजर से अतिक्रमणकारी दहल गए। पुलिस बल की मौजूदगी में नगर पंचायत की भूमि में अवैध रूप से रखी गई गुमटियों एवं अन्य सामानों को हटाकर सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।

अभियान के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए उपनिरीक्षक अरविंद यादव पुलिस बल के साथ पूरे समय मौके पर मौजूद रहे। नगर पंचायत की ओर से अभियान का नेतृत्व सफाई नायक गणेशाराम ने किया। इस दौरान अजीत कुमार, राकेश कुमार सहित नगर पंचायत के बड़ी संख्या में कर्मचारी अभियान में शामिल रहे।



नगर पंचायत अध्यक्ष अमरजीत सिंह ने कहा कि नगर पंचायत की सार्वजनिक भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नगरवासियों की सुविधा, सुंदरीकरण और विकास कार्यों में बाधा बनने वाले सभी अवैध कब्जों के खिलाफ आगे भी इसी प्रकार निष्पक्ष और प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी। नगर की सरकारी भूमि को सुरक्षित रखना हमारी प्राथमिकता है।






