शशिकांत ओझा
बलिया : जनपद के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों में शुमार सनबीम स्कूल बलिया के निदेशक डॉ कुंवर अरुण सिंह “गामा” को उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने प्राइड आफ पूर्वांचल अवार्ड से सम्मानित किया।
वाराणसी में आयोजित एक कार्यक्रम में शिक्षा क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के निमित्त ‘प्राईड आफ पूर्वांचल’ अवार्ड से डा. अरुण सिंह गामा को प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने सम्मानित किया। डा. अरुण सिंह के सम्मान से संपूर्ण विद्यालय परिवार व उनके चाहने वालों में हर्ष व खुशी व्याप्त है। उनको बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।
जनपद में नवोन्मेषी शिक्षा के लिए प्रख्यात शिक्षाविद व साहित्यप्रेमी डॉ कुंवर अरुण सिंह “सतत प्रयास, अथक लगन, दूरदर्शी सोच, कुछ करने की जिद, नवीन इंफ्रास्ट्रक्चर के शौक से उन्होंने सदैव नाता रखा है। कुछ अलग करने की भूख उन्हें सदा उद्वेलित करती है। कार्य को त्वरित अंजाम देने में आस्था रखने वाले डॉ सिंह के निर्देशन में अगरसंडा स्थित सनबीम विद्यालय बलिया ने अपने अल्प समय में उस ऊंचाई को प्राप्त करने का प्रयास किया है जिसकी तमन्ना हर संस्था को होती है। अपने अदम्य जीवटता से दूसरों के लिए उत्प्रेरक बन चुके, रसायन शास्त्र में एमएससी व पीएचडी करने वाले डॉ सिंह विविध संस्थाओं द्वारा अनेक प्रतिष्ठित सम्मान भी प्राप्त कर चुके हैं।
कर्मठ व भावी स्वप्न को पूर्ण करने में सिद्धहस्त, उनके कुशल नेतृत्व में शिक्षकों के परिश्रम से सनबीम विद्यालय ने शिक्षा वर्ल्ड अवार्ड में लगातार 6 वर्षों तक सर्वश्रेष्ठ स्कूल का किताब भी हासिल करता आया है। वे खो-खो, शतरंज व वालीबाल जैसे जनपदीय खेल संघ के अध्यक्ष भी हैं। सामाजिक सरोकारों के क्षेत्र में भी उनके उल्लेखनीय योगदान हैं। निर्मित बेहतर वातावरण में नित नवीनता प्रदान करने वाले मर्यादित व ऊर्जावान डॉ सिंह का जीवन सदैव अनुकरणीय रहा है। कहना गलत न होगा कि गुणवत्ता व सिद्धांतों से कभी समझौता न करने वाले डॉ सिंह समय-समय पर विद्यालय में विविध आयोजन भी करत रहते हैं। हाल ही में उन्होंने राष्ट्रीय स्तर का साहित्यिक आयोजन किया था। भारत के प्रसिद्ध विषय विशेषज्ञों की कार्यशाला द्वारा वे बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए अनवरत समर्पित रहते हैं।