

-उत्कृष्ठ शैक्षणिक गतिविधि
-प्रधानाचार्य सीके सिंह ने बताया आधुनिक अभिभावक होने का टिप्स
-अभिभावकों ने दिया भरोसा बच्चों को बेहतर बनाने का होगा प्रयास


शशिकांत ओझा
बलिया : जनपद में उत्कृष्ट शिक्षा के लिए प्रख्यात विहान विद्यापीठ में रविवार को ( 11 से 17 वर्ष के) विद्यार्थियों के अभिभावकों के लिए एक महत्वपूर्ण अभिभावक कार्यशाला (पेरेंटिंग वर्कशाप) का सफल आयोजन हुआ। कार्यशाला का उद्देश्य किशोरावस्था में बच्चों के शारीरिक, मानसिक, भावनात्मक एवं सामाजिक विकास से जुड़ी चुनौतियों के प्रति अभिभावकों को जागरूक करना रहा।

कार्यक्रम में विद्यालय के प्रबंध निदेशक नितीश उपाध्याय एवं चेयरमैन अजय उपाध्याय की गरिमामयी उपस्थिति रही। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय में बच्चों का समग्र विकास तभी संभव है जब अभिभावक शिक्षा के साथ-साथ संस्कार, अनुशासन एवं डिजिटल संतुलन पर भी विशेष ध्यान दें। कार्यशाला में विद्यालय के प्रधानाचार्य सीके सिंह ने अभिभावकों को सरल एवं प्रभावी तरीके से महत्वपूर्ण विषयों पर मार्गदर्शन दिया गया। इसके अतिरिक्त अभिभावकों को विभिन्न व्यावहारिक गतिविधियों के माध्यम से भी जागरूक किया गया, जैसे दैनिक संवाद अभ्यास, परिवार के साथ समय बिताना, बच्चों के साथ लक्ष्य निर्धारण एवं साप्ताहिक चर्चा सत्र आयोजित करना। कार्यक्रम के अंत में समन्वयक सुश्री दिव्या ने सभी अभिभावकों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि विद्यालय एवं अभिभावकों के संयुक्त प्रयास से ही बच्चों का उज्ज्वल भविष्य सुनिश्चित किया जा सकता है। कार्यशाला अभिभावकों के लिए अत्यंत उपयोगी एवं प्रेरणादायक सिद्ध हुई तथा सभी प्रतिभागियों ने इसकी सराहना की। मौके पर सभी शिक्षक उपस्थित रहे। कार्यशाला का संचालन कक्षा 8वीं की छात्रा श्रृतिका शेखर ने किया।

कार्यशाला में निम्न प्रमुख बिंदुओं पर चर्चा की गई
• बच्चों के साथ सकारात्मक संवाद स्थापित करना एवं उनकी भावनाओं को समझना
• अंकों के बजाय ज्ञान एवं समझ पर ध्यान केंद्रित करना
• मोबाइल एवं सोशल मीडिया के संतुलित उपयोग की आवश्यकता
• बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य एवं व्यवहारिक परिवर्तनों की पहचान
• समय प्रबंधन एवं संतुलित दिनचर्या का महत्व
• नैतिक मूल्यों, अनुशासन एवं जिम्मेदारी का विकास
• परीक्षा के दौरान बच्चों को प्रोत्साहित करना एवं अनावश्यक दबाव से बचना



