
-शैक्षणिक गतिविधि का हिस्सा
-प्रबंध निदेशक नितीश उपाध्याय, प्रधानाचार्य सीके सिंह ने खिलाई सबको मिठाई
-विद्यालय के विद्यार्थियों के चेहरे पर भी दिखा खूब उमंग और उत्साह


शशिकांत ओझा
बलिया : विहान विद्यापीठ, पकड़ी (फेफना), बलिया इतिहास में आज का दिन स्वर्णिम अक्षरों में अंकित हो गया, जब विद्यालय को सीबीएसई बोर्ड नई दिल्ली से 10+2 की मान्यता प्राप्त हुई। यह उपलब्धि न केवल विद्यालय परिवार, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व और उत्साह का विषय है।





प्रातःकालीन प्रार्थना सभा के उपरांत विद्यालय परिसर उत्सव के रंग में रंग गया। ढोल-नगाड़ों की गूंज पर झूमते विद्यार्थियों की ऊर्जा और उल्लास ने इस ऐतिहासिक क्षण को और भी यादगार बना दिया। शिक्षक, अभिभावक एवं समस्त स्टाफ ने इस गौरवपूर्ण उपलब्धि को सामूहिक हर्षोल्लास के साथ मनाया। इस अवसर पर संस्थान के चेयरमैन अजय उपाध्याय ने सभी को मिठाई खिलाकर बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता हर उस हाथ की मेहनत का परिणाम है, जिसने विद्यालय के सपनों को साकार करने में योगदान दिया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि अब विहान विद्यापीठ अपने संस्थापक स्वर्गीय प्रमोद उपाध्याय के आदर्शों के अनुरूप विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की दिशा में और अधिक ऊँचाइयों को प्राप्त करेगा।

प्रबंध निदेशक नितीश उपाध्याय ने भावुक शब्दों में कहा कि इस विद्यालय की स्थापना का उद्देश्य सदैव समाज के वंचित एवं साधनहीन वर्ग के बच्चों को न्यूनतम शुल्क में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करना रहा है। आज सीबीएसई संबद्धता प्राप्त होना उसी महान संकल्प का सजीव प्रमाण है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि हमें और अधिक जिम्मेदार बनाती है, ताकि हम शिक्षा की उत्कृष्टता को निरंतर नई ऊँचाइयों तक ले जा सकें। विद्यालय के प्रधानाचार्य सीके सिंह (सीबीएसई रिसोर्स पर्सन) ने इस उपलब्धि का श्रेय विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं समर्पित शिक्षकों के निरंतर प्रयासों को देते हुए सभी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यदि यही प्रतिबद्धता और अनुशासन बना रहा, तो वह दिन दूर नहीं जब विहान विद्यापीठ जनपद के अग्रणी एवं प्रतिष्ठित विद्यालयों में अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित करेगा। सीनियर सेकेंडरी स्तर तक मान्यता प्राप्त होने के साथ ही विद्यालय अब सीबीएसई की सभी शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करेगा। यह उपलब्धि क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के नए मानदंड स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर सिद्ध होगी। विद्यालय परिवार इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर समस्त अभिभावकों, विद्यार्थियों एवं शुभचिंतकों के प्रति आभार व्यक्त करता है और भविष्य में भी शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्टता बनाए रखने का संकल्प दोहराता है। निदेशक मंडल के सदस्य डा. केके उपाध्याय, पंकज उपाध्याय उपस्थित रहते हुए सबको इस उपलब्धि के लिए बधाई दी।


