अन्य उत्तर प्रदेश खेल देश पूर्वांचल बलिया राजनीति राज्य

मिशन 2027 के लिए मनोयोग से लखनऊ में जुटी भाजपा की तिकड़ी

-उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव
-पूर्व मंत्री उपेंद्र तिवारी पूर्व विधायक संजय यादव और सुरेन्द्र सिंह संग जुटे
-भाजपा प्रदेश नेतृत्व संग बैठ बनाया जा रहा विधानसभा चुनाव का मिशन

शशिकांत ओझा

बलिया : उत्तर प्रदेश में विधानसभा का चुनाव धीरे धीरे नजदीक आता जा रहा है। भाजपा नेतृत्व और भाजपा नेता अपने अपने तरीके से चुनाव की तैयारियों में जुट गए हैं। बलिया भाजपा भी मिशन विधानसभा में जुट गई है। इन दिनों बलिया भाजपा की एक तिकड़ी राजधानी लखनऊ में जमी है। पार्टी के प्रदेश नेतृत्व संग बैठ बैठ चुनाव की रणनीति बनायी जा रही है। बलिया में भाजपा तिकड़ी के लखनऊ प्रवास की बड़ी चर्चा है।

बलिया भाजपा की तिकड़ी में पूर्व मंत्री उपेंद्र तिवारी, पूर्व विधायक संजय यादव (पूर्व जिलाध्यक्ष) और पूर्व विधायक सुरेंद्र सिंह शामिल हैं। जनपद के तीनों वरिष्ठ भाजपा नेताओं ने लखनऊ में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, भाजपा पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, सुभासपा प्रमुख मंत्री ओमप्रकाश राजभर संग मुलाकात की। दिग्गजों संग लगातार मुलाकात के मतलब जनपद में लोग अपने अपने हिसाब से लगा रहे हैं। मिशन विधानसभा में भाजपा किस किस को मैदान में उतारेगी यह तो अभी विधाता और पार्टी शीर्ष नेतृत्व ही जानता है पर तिकड़ी में शामिल तीनों नेता अपना पिछला विधानसभा का चुनाव हार चुके हैं और वर्तमान में कई दावेदार अपना अपना दावा ठोक रहे हैं। पूर्व मंत्री उपेंद्र तिवारी के क्षेत्र में पूर्व मंत्री नारद राय और पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर की पुत्रवधू डा. सुषमा शेखर का दावा समाज में दिख रहा है। पूर्व विधायक पूर्व जिलाध्यक्ष संजय यादव के क्षेत्र में पूर्व मंत्री राजधारी, पूर्व विधायक भगवान पाठक सहित कई का दावा है। पूर्व विधायक सुरेंद्र सिंह के क्षेत्र में पूर्व सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त के पुत्र विपुलेंद्र प्रताप, पूर्व सांसद भरत सिंह की पुत्री विजय लक्ष्मी, सूर्यभान सिंह समेत कई का दावा है। ऐसे में इस तिकड़ी का ताबड़तोड़ मिलन विधानसभा चुनाव के ऊंट को किस करवट बैठाएगा यह तो समय ही बताएगा।