अन्य उत्तर प्रदेश खेल देश पूर्वांचल बलिया राजनीति राज्य

राम जन्मोत्सव की आनंद वर्षा में सराबोर हुए श्रद्धालु

-बांसडीह में श्रीराम कथा
-राजन जी महाराज के श्रीमुख से बाल लीलाओं का भावपूर्ण वर्णन सुन भावविभोर हुआ पंडाल
-बांसडीह विधायक केतकी सिंह के नेतृत्व में चल रहे धार्मिक आयोजन में उमड़ रहा सेराब

शशिकांत ओझा

बलिया : बेरुआरबारी क्षेत्र स्थित बाबा अमरनाथ एवं बाबा भगवान दास समाधि स्थल प्रांगण में आयोजित नौ दिवसीय संगीतमय रामकथा के चौथे दिन अंतरराष्ट्रीय कथावाचक राजन जी महाराज ने भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव एवं बाल लीलाओं का मार्मिक और भावपूर्ण वर्णन कर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। कथा के दौरान पूरा पंडाल श्रीराम के जयघोष और भक्ति रस से सराबोर नजर आया।

अंतरराष्ट्रीय कथावाचक राजन जी महाराज ने कहा कि माता कौशल्या, महर्षि वशिष्ठ और महाराज दशरथ उन विरले लोगों में थे, जो यह जानते थे कि अयोध्या में जन्म लेने वाले श्रीराम कोई साधारण बालक नहीं, बल्कि स्वयं परमब्रह्म के अवतार हैं। इसके बावजूद उन्होंने मर्यादा, धर्म और कर्तव्य का पालन करते हुए आदर्श जीवन का संदेश दिया। उन्होंने जीवन और मृत्यु के शाश्वत सत्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस संसार में जो आया है, उसे एक दिन जाना भी है।

मृत्यु जीवन का अटल सत्य है, लेकिन मनुष्य इसे स्वीकार नहीं कर पाता। जिस दिन यह सत्य हृदय से स्वीकार हो जाएगा, उसी दिन अहंकार, द्वेष, ईर्ष्या और विरोध स्वतः समाप्त होने लगेंगे। उन्होंने लोकभाषा की पंक्ति “का करब राई-राई जोड़ के, उड़ जाइ सुगनवा एक दिन पिंजड़वा के छोड़ के” का उल्लेख करते हुए कहा कि जीवन भर धन-संपत्ति और वैभव का संग्रह करने के बाद भी अंततः आत्मा शरीर रूपी पिंजरे को छोड़कर चली जाती है। इसलिए सद्कर्म, प्रेम, सेवा, विनम्रता और प्रभु स्मरण ही जीवन की वास्तविक पूंजी है। राजन जी महाराज ने भगवान श्रीराम की बाल लीलाओं का सजीव चित्रण करते हुए उनके सरल, विनम्र, आज्ञाकारी एवं मर्यादित व्यक्तित्व पर प्रकाश डाला।

उन्होंने कहा कि प्रभु श्रीराम का जीवन आज भी समाज को सत्य, धर्म और कर्तव्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। बाल्यकाल में भाइयों के प्रति स्नेह, गुरु आश्रम में शिक्षा ग्रहण करने तथा माता-पिता के प्रति सम्मान जैसे प्रसंगों को सुनकर श्रद्धालुओं की आंखें नम हो गईं। कथा के समापन पर भजन-कीर्तन एवं भव्य आरती का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की। इसके बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। इस अवसर पर सियाराम बाबा, बमबम बाबा, राकेश सिंह, विधायक केतकी सिंह, पंडित चैतन्य जी महाराज, शिवशंकर चौहान, जयप्रकाश साहू, राणा कुणाल सिंह, रजनीश सिंह, प्रशांत सिंह, मंडल अध्यक्ष राकेश वर्मा, अनिल सिंह, शैलेन्द्र जी, दीपक सिंह, महावीर सिंह सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के सफल संचालन में पुलिस प्रशासन का सहयोग भी सराहनीय रहा। रामकथा में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर कथा श्रवण कर रहे हैं।