
-शैक्षणिक गतिविधि
-विद्यार्थियों को मिला कानून, नैतिकता एवं सुरक्षा का व्यवहारिक ज्ञान
-क्षेत्राधिकारी नगर सतीश शर्मा रहे आयोजन के मुख्य अतिथि

शशिकांत ओझा
बलिया : जनपद के अग्रणी शिक्षण संस्थाओं में शुमार, (सीबीएसई 10+2 मान्यता प्राप्त) विद्यालय विहान विद्यापीठ, पकड़ी, बलिया में बुधवार को ‘पुलिस की पाठशाला’ का भव्य एवं ज्ञानवर्धक आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि क्षेत्राधिकारी (नगर) सतीश शर्मा रहे।




कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। कार्यक्रम का प्रभावशाली संचालन कक्षा 11 की छात्राओं श्रेया ओझा एवं मानसी मिश्रा ने किया। इसके पश्चात कक्षा 11 के सिद्धि ओझा एवं अनमोल राय ने अतिथियों का गरिमामय स्वागत किया तथा विद्यार्थियों गरिमा प्रजापति, अंशुका, राध्या, पलक राय, आस्था, प्रिंसी ओझा एवं ज्योत्सना पाण्डेय द्वारा प्रस्तुत मनोहारी स्वागत गीत ने कार्यक्रम में सांस्कृतिक गरिमा का संचार किया। संस्था के प्रबंध निदेशक नीतीश उपाध्याय ने मुख्य अतिथि का अंगवस्त्रम एवं पौधा भेंट कर सम्मान किया। अपने स्वागत उद्बोधन में उन्होंने कहा कि पुलिस केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने वाली संस्था नहीं, बल्कि एक सभ्य, सुरक्षित और अनुशासित समाज की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि समाज में बढ़ती अनुशासनहीनता एवं असामाजिक प्रवृत्तियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने में पुलिस की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि आज विद्यार्थियों को शहर की सुरक्षा का दायित्व संभाल रहे क्षेत्राधिकारी महोदय से सामाजिक उत्तरदायित्व, नैतिक मूल्यों एवं कर्तव्यों का प्रत्यक्ष मार्गदर्शन प्राप्त होगा।


अपने प्रेरणादायी संबोधन में क्षेत्राधिकारी सतीश शर्मा ने विद्यार्थियों से संवादात्मक शैली में ‘पुलिस’ शब्द के वास्तविक अर्थ एवं उसके सामाजिक दायित्वों पर चर्चा की। उन्होंने सड़क सुरक्षा एवं सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, साइबर अपराधों से बचाव, परिवार एवं समाज के प्रति कर्तव्य, किशोरावस्था में सही निर्णय लेने की आवश्यकता, बढ़ते बाल अपराध, बाल विवाह जैसी गंभीर सामाजिक समस्याओं तथा कानून के प्रति जागरूकता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से प्रकाश डाला। प्रश्नोत्तर सत्र के दौरान विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ अपने प्रश्न रखे। इस क्रम में कक्षा 9 की छात्रा श्रेया ओझा (9A) ने प्रथम प्रश्न पूछकर संवाद की शुरुआत की। श्री शर्मा ने सभी प्रश्नों का सरल, रोचक एवं व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से उत्तर देकर विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया तथा उन्हें अनुशासित, जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया। विद्यालय के प्रधानाचार्य सीके सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे मुख्य अतिथि द्वारा बताए गए आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करें तथा विशेष रूप से छात्राओं की सुरक्षा हेतु शासन द्वारा संचालित विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं की जानकारी सदैव अपने पास रखें और आवश्यकता पड़ने पर उनका निःसंकोच उपयोग करें। संस्था के अध्यक्ष अजय उपाध्याय ने अपने आशीर्वचन में कहा कि ‘पुलिस की पाठशाला’ जैसी जन-जागरूकता पहल समाज में विश्वास, सुरक्षा एवं अपराधमुक्त वातावरण के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, गणमान्य नागरिक एवं सैकड़ों विद्यार्थी उपस्थित रहे। विद्यार्थियों ने कार्यक्रम को अत्यंत प्रेरणादायी एवं ज्ञानवर्धक बताते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजनों की अपेक्षा व्यक्त की। कार्यक्रम समन्वयक सुश्री दिव्या ने सभी का आभार जताया।


