अन्य उत्तर प्रदेश खेल देश पूर्वांचल बलिया राजनीति राज्य

केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों को बताने के लिए रतसर में 11 जुलाई को जन संवाद

-प्रेसवार्ता
-पूर्व मंत्री नारद राय और सुभासपा प्रदेश प्रवक्ता सुनील सिंह ने संयुक्त रूप से दी जानकारी
-मंत्री ओमप्रकाश राजभर, दयाशंकर सिंह, दानिश आज़ाद अंसारी की रहेंगे अतिथि
-राज्यसभा सांसद नीरज शेखर, पूर्व सांसद रवींद्र कुशवाहा भी करेंगे सहभागिता

-भोजपुरी लोक गायक गोलू राजा, सन्नी पांडेय और भावना सिंह करेंगी मनोरंजन

शशिकांत ओझा

बलिया : केंद्र सरकार के 12 वर्ष और प्रदेश सरकार के 9 वर्ष की उपलब्धियों को जनता जनार्दन के बीच पहुंचाने के लिए रतसर भीखा भगत के पोखरे पर विशाल जन संवाद कार्यक्रम 11 जुलाई शनिवार को आयोजित है। उक्त कार्यक्रम में सुभासपा अध्यक्ष प्रदेश सरकार के पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर, परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह, अल्पसंख्यक मंत्री दानिश आज़ाद अंसारी, राज्यसभा सांसद नीरज शेखर सहित कई वरिष्ठ राजनेता जनता से संवाद करेंगे। उक्त आशय की जानकारी मीडिया को पूर्व मंत्री नारद राय और सुभासपा प्रदेश प्रवक्ता सुनील सिंह ने संयुक्त प्रेसवार्ता में दी।

पूर्व मंत्री नारद राय के चंद्रशेखर नगर आवास पर आयोजित प्रेसवार्ता में मीडिया को संबोधित करते हुए सुभासपा प्रदेश प्रवक्ता सुनील सिंह ने कहा केंद्र सरकार और राज्य सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने के लिए पूर्व मंत्री नारद राय का यह प्रयास बहुत ही सराहनीय है। प्रदेश प्रवक्ता सुनील सिंह ने यह भी कहा कि केंद्र की मोदी और राज्य की योगी सरकार ने देश और प्रदेश के प्रत्येक व्यक्ति के लिए कुछ न कुछ किया है, जनता को लाभ भी मिल रहा है पर आम जनता को कुछ लोग बरगलाने का कार्य कर रहे हैं। जन संवाद के माध्यम से हम जनता को बताएंगे। पूर्व मंत्री नारद राय ने मीडिया कर्मियों से कहा कि पिछले लोकसभा चुनाव में संविधान बदलने की बात कह विपक्ष ने एक माहौल खड़ा करने का प्रयास किया। मोदी जी की सरकार बनी लेकिन संविधान नहीं बदला। जन संवाद कार्यक्रम के माध्यम से हम जनता के समक्ष सरकार की उपलब्धि और अपनी बात मजबूती से रखेंगे ताकि कोई उन्हें बरगलाने का प्रयास नहीं कर सके। पूर्व मंत्री नारद राय ने बताया कि जन संवाद कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार के पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर, विशिष्ट अतिथि प्रदेश सरकार के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह, अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री दानिश आज़ाद अंसारी, राज्यसभा सांसद नीरज शेखर, पूर्व सांसद रवींद्र कुशवाहा सहित कई वरिष्ठ राजनेता उपस्थित रहेंगे। पूर्व मंत्री नारद राय ने यह भी बताया कि जन संवाद कार्यक्रम के सांस्कृतिक मंच पर भोजपुरी गायक गोलू राजा, सनी पांडेय और भावना सिंह की उपस्थिति होगी। पूर्व मंत्री नारद राय ने बड़ी जिम्मेदारी से कहा कि जन संवाद कार्यक्रम सुभासपा प्रदेश प्रवक्ता सुनील सिंह के संचालन में होगा। पूर्व मंत्री नारद राय और सुभासपा प्रदेश प्रवक्ता सुनील सिंह ने मीडिया को कार्यक्रम कवरेज के लिए आमंत्रित किया।