अन्य उत्तर प्रदेश खेल देश पूर्वांचल बलिया राजनीति राज्य

शहीद विनोद राय को 10वीं पुण्यतिथि दी जाएगी भावभीनी श्रद्धांजलि: उपेंद्र तिवारी

-पूर्व मंत्री की प्रेसवार्ता
-पूर्व मंत्री ने प्रेसवार्ता में सपा सरकार पर साधा निशाना, बोले नरहीं की घटना लोकतंत्र के लिए काला अध्याय

शशिकांत ओझा 


बलिया : नरहीं कांड में पुलिस की गोली से शहीद हुए भाजपा कार्यकर्ता स्व. विनोद राय की 10वीं पुण्यतिथि पर आगामी 12 अगस्त को नरहीं में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का नेतृत्व पूर्व मंत्री एवं भाजपा नेता उपेंद्र तिवारी करेंगे। रविवार को जिला मुख्यालय स्थित अपने कैंप कार्यालय पर मीडिया से वार्ता करते हुए पूर्व मंत्री ने नरहीं कांड को लोकतंत्र और जनसंघर्ष के इतिहास का काला अध्याय बताते हुए घटना को एक बार फिर याद किया।

पूर्व मंत्री उपेंद्र तिवारी ने कहा कि 12 अगस्त 2016 का दिन भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए ‘स्वर्णाक्षरों में दर्ज काला अध्याय’ है। उस समय सोहांव मंडल के भाजपा कोषाध्यक्ष विनोद राय चंद्रमा यादव जैसे पार्टी कार्यकर्ता को न्याय दिलाने के लिए नरहीं थाने के सामने शांतिपूर्ण प्रदर्शन में शामिल थे। उनके अनुसार प्रदर्शन में हजारों की संख्या में महिला और पुरुष कार्यकर्ता मौजूद थे। पूर्व मंत्री ने आरोप लगाया कि तत्कालीन सपा सरकार के कार्यकाल में पुलिस-प्रशासन ने प्रदर्शन के दौरान जनरेटर बंद कराया और इसके बाद लाठीचार्ज किया गया।

उनका दावा है कि इसके तुरंत बाद प्रदर्शनकारियों पर पुलिस की ओर से गोलियां चलायी गयीं, जिसमें विनोद राय की मौत हो गई तथा दर्जनों कार्यकर्ता घायल हुए। उन्होंने कहा कि घटना के दौरान बड़ी संख्या में महिला-पुरुष भी चोटिल हुए और पूरी घटना मीडिया के कैमरों में कैद हुई थी। श्री तिवारी ने तत्कालीन अखिलेश यादव सरकार पर प्रदेश में गुंडाराज, माफियाराज, भ्रष्टाचार और अराजकता को बढ़ावा देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि उस समय बलिया में कई मंत्री थे, बावजूद इसके जनपद में आम लोगों और कार्यकर्ताओं पर कथित तौर पर अत्याचार हो रहा था। उन्होंने कहा कि वर्ष 2002 से 2017 तक उन्होंने इसी व्यवस्था के खिलाफ संघर्ष किया। उन्होंने कहा कि नरही कांड के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया था कि विनोद राय की शहादत को व्यर्थ नहीं जाने दिया जाएगा और प्रत्येक वर्ष 12 अगस्त को उनकी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित की जाएगी। उन्होंने बताया कि 12 अगस्त 2017 को विनोद राय की प्रतिमा स्थापित की गई थी, जिसका अनावरण तत्कालीन केंद्रीय मंत्री ने किया था। इसके बाद से लगातार श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया जा रहा है।

पूर्व मंत्री ने कहा कि आगामी 12 अगस्त को नरहीं में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में बड़ी संख्या में लोग शामिल होकर स्व. विनोद राय को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल श्रद्धांजलि का अवसर नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक अधिकारों और जनसंघर्ष की याद को जीवित रखने का माध्यम भी है। प्रेसवार्ता के दौरान प्रदीप सिंह, अंजनी राय, भरत राय, राकेश चौबे ‘भोला’ सहित अन्य लोग मौजूद रहे।