अन्य उत्तर प्रदेश खेल देश पूर्वांचल बलिया राजनीति राज्य

किंडरगार्टन एकेडमी सहतवार में हुआ लेफ्टिनेंट विकास पांडेय का भव्य स्वागत

-प्रतिभा को सम्मान
-वरिष्ठ सपा नेता नीरज सिंह गुड्डू ने अंगवस्त्रम व स्मृति चिन्ह देकर किया अभिनंदन
-केवरा गांव के स्व सुरेंद्र पांडेय के पुत्र हैं लेफ्टिनेंट विकास पांडेय
-लेफ्टिनेंट विकास पांडेय पश्चिम बंगाल में शुरू हुई शिक्षा-दीक्षा

शशिकांत ओझा

बलिया : भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट की वर्दी हासिल करने के बाद अपने गृह जनपद पहुंचे विकास पांडेय का सहतवार स्थित द किंडरगार्टन एकेडमी में भव्य स्वागत एवं सम्मान किया गया। विद्यालय परिवार की ओर से आयोजित सम्मान समारोह में उनकी उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी गईं।

कार्यक्रम में वरिष्ठ सपा नेता एवं नगर पंचायत चेयरमैन प्रतिनिधि नीरज सिंह गुड्डू ने लेफ्टिनेंट विकास पांडेय का अंगवस्त्रम एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट के रूप में चयनित होकर विकास पांडेय ने न केवल अपने परिवार और गांव का बल्कि पूरे जनपद का गौरव बढ़ाया है। उनकी सफलता क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी और उन्हें देशसेवा के लिए आगे बढ़ने की प्रेरणा देगी।

बताया गया कि लेफ्टिनेंट विकास पांडेय जनपद के केवरा गांव के मूल निवासी स्व. सुरेन्द्र नाथ पांडेय के पुत्र हैं। उनकी शिक्षा-दीक्षा की शुरु से ही पश्चिम बंगाल में हुई है। अपनी मेहनत, लगन और अनुशासन के बल पर उन्होंने भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट की प्रतिष्ठित वर्दी हासिल की। इस अवसर पर द किंडरगार्टन एकेडमी के प्रिंसिपल उत्कर्ष मिश्र ने अतिथियों एवं लेफ्टिनेंट विकास पांडेय का स्वागत और अभिवादन किया। उन्होंने कहा कि सेना में अधिकारी बनना कठिन परिश्रम, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है। विकास पांडेय की उपलब्धि विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत है। विद्यालय परिवार एवं उपस्थित लोगों ने लेफ्टिनेंट विकास पांडेय के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें देशसेवा के लिए शुभकामनाएं दीं। समारोह में प्रतिभा और उपलब्धि के सम्मान का भाव स्पष्ट रूप से दिखाई दिया। लेफ्टिनेंट विकास पांडेय के स्वागत सम्मान समारोह में चौकी प्रभारी रंजीत कुमार, सुनील पांडेय और भाजपा नेता दिनेश तिवारी भी मौजूद रहे।