
-जूनियर नेशनल रिंग टेनिस प्रतियोगिता
-पूर्व सचिव स्व. अरुण सिंह की स्मृति में हुआ इतना बड़ा आयोजन
-विद्यालय परिसर में खेल महाकुंभ का भव्य आगाज, श्री भगवान राम ने किया शुभारंभ

शशिकांत ओझा
बलिया : जनपद के प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थान सनबीम स्कूल में बुधवार को तीन दिवसीय राष्ट्रीय खेल महाकुंभ का भव्य शुभारंभ हुआ। अरुण सिंह मेमोरियल जूनियर नेशनल रिंग टेनिस प्रतियोगिता में 15 राज्यों के खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं। 15 राज्य के खिलाड़ियों के आगमन से सनबीम स्कूल अगरसंडा लघु भारत जैसा रुप अख्तियार कर लिया है। प्रतियोगिता का शुभारंभ श्री भगवान राम और केआरवी श्यामसुंदर ने किया।

रिंग टेनिस प्रतियोगिता रिंग टेनिस एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में विद्यालय के पूर्व सचिव स्व. अरुण कुमार सिंह की स्मृति में आयोजित है। 9 से 11 सितंबर तक चलने वाली इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश भर के लगभग 14 से 15 राज्यों के शीर्ष खिलाड़ी अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का प्रदर्शन कर रहे हैं। उद्घाटन समारोह का प्रारंभ सुबह अतिथियों के स्वागत और तुलसी वेदी पर दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके उपरांत मुख्य अतिथियों द्वारा ध्वजारोहण किया गया।

विद्यालय की विद्यार्थियों ने सुमधुर गणेश वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत कर वातावरण को आध्यात्मिक व संगीतमय बना दिया। विद्यालय के निदेशक डॉ कुंवर अरुण सिंह ने ने अपने स्वागत संबोधन में सभी राज्यों से आए प्रतिभागियों, कोच व गणमान्य अतिथियों का अभिनंदन किया। उद्घाटन सत्र के दौरान विभिन्न राज्यों से आए दल के खिलाड़ियों ने आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत कर सलामी दी। इसके बाद ग्रुप फोटोग्राफी सत्र हुआ। विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत ‘नृत्यांजलि’ नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति ने उपस्थित जनसमूह की खूब तालियां बटोरीं। इस समारोह के मुख्य अतिथि श्री भगवान राय एवं विशिष्ट अतिथि रिंग टेनिस फेडरेशन ऑफ इंडिया के महासचिव केआरवी श्यामसुंदर का विद्यालय प्रबंधन द्वारा अंगवस्त्रम व स्मृति चिह्न भेंट कर अभिनंदन किया गया।

फेडरेशन के संयुक्त सचिव सहित विभिन्न राज्यों से पधारे सचिवों और अध्यक्षों को भी विद्यालय प्रबंधन द्वारा सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथियों ने उपस्थित क्रीड़ार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि रिंग टेनिस जैसे खेल युवाओं में एकाग्रता, त्वरित निर्णय क्षमता और शारीरिक दक्षता को बढ़ावा देते हैं। रिंग टेनिस एसोसिएशन उत्तर प्रदेश की सचिव मनीषा रानी ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए चैंपियनशिप के नियमों और निष्पक्ष खेल भावना पर प्रकाश डाला।



