
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना
-जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने परिणय सूत्र में बंधे नव दंपतियों पर फूल बरसा दिया आशीर्वाद
-नवदंपतियों को सुखी जीवन का आशीर्वाद दे जिलाधिकारी ने दिया प्रमाण पत्र भी

शशिकांत ओझा
बलिया : मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन बुधवार को बेल्थरारोड के सनशाइन मैरिज हाल में हुआ। विकासखंड सीयर के 38 और नगरा के 44 कुल 82 जोड़े विवाह बंधन में बंधे। जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने नवदंपतियों पर पुष्प वर्षा कर अपना प्यार और आशीर्वाद दिया। जिलाधिकारी ने नव दंपतियों को सुखमय जीवन व्यतीत करने का टिप्स देते हुए प्रमाण पत्र भी प्रदान किया।



समारोह का शुभारंभ जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने भगवान गणेश के चित्र पर माल्यार्पण, दीप प्रज्वलन और मंत्रोच्चार के साथ किया। इस दौरान उन्होंने नवदंपतियों को सुखद वैवाहिक जीवन का आशीर्वाद देते हुए प्रमाण पत्र और आम के पौधे वितरित किए। समारोह में हिंदू रीति- रिवाजों के अनुसार विवाह संपन्न कराया गया। जिलाधिकारी ने नवविवाहित जोड़ों पर पुष्प अर्पित कर उनके सुखमय भविष्य की कामना की। उन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि सामूहिक विवाह समारोह का माहौल बेहद आत्मीय और उत्साहपूर्ण रहा। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पूरी मेहनत और लगन से कार्यक्रम को सफल बनाया है। जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना गरीब परिवारों की बेटियों की शादी के लिए महत्वपूर्ण पहल है।

इस योजना के माध्यम से पात्र लाभार्थियों को विवाह के अवसर पर आर्थिक सहायता सहित निर्धारित सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। जिलाधिकारी ने नवदंपतियों को बधाई देते हुए कहा कि वे अपने नए जीवन की शुरुआत सकारात्मक सोच के साथ करें और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने की दिशा में प्रयासरत रहें। कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाकर परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करें तथा समाज और प्रदेश के विकास में अपना योगदान दें। उन्होंने कहा कि प्रदेश को विकसित बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक की सहभागिता जरूरी है। आर्थिक और सामाजिक उत्थान के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना चाहिए। समारोह के सफल आयोजन पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी। कहा कि कार्यक्रम की व्यवस्थाएं देखकर उन्हें काफी प्रसन्नता हुई। आयोजन में अधिकारियों ने जिस मेहनत और जिम्मेदारी के साथ कार्य किया, वह सराहनीय है। जिलाधिकारी ने सभी नवविवाहित जोड़ों को सुखी एवं समृद्ध वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं दीं। समारोह में 82 जोड़ों के विवाह के साथ उनके जीवन की नई शुरुआत का साक्षी बना पूरा आयोजन उत्साह और उल्लास के माहौल में संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम में सीडीओ आलोक कुमार एवं जिला स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।

जिलाधिकारी की लोगों से अपील
जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने लोगों से अपील किया कि वे पात्रता के अनुसार सरकारी योजनाओं का लाभ उठाएं और जरूरतमंद परिवारों तक भी इन योजनाओं की जानकारी पहुंचाएं। कहा कि पात्र व्यक्तियों के आयुष्मान कार्ड बनाए जा रहे हैं। इसके साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना और मुख्यमंत्री आवास योजना के माध्यम से जरूरतमंदों को लाभान्वित करने की व्यवस्था है। पात्र लोग संबंधित विभागों में आवेदन कर इन योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकते हैं।


