अन्य उत्तर प्रदेश खेल देश पूर्वांचल बलिया राजनीति राज्य

राम गोविंद चौधरी बलिया की पहचान और क्रांतिकारियों की आवाज थे : अखिलेश यादव

-श्रद्धांजलि पर बोले सपा अध्यक्ष
-गोसाईंपुर पहुंचकर पूर्व मुख्यमंत्री ने दिवंगत नेता को दी श्रद्धांजलि, परिजनों से मिलकर जताई संवेदना
-एयरपोर्ट के निजीकरण और अयोध्या में चढ़ावे की कथित चोरी को लेकर सरकार पर साधा निशाना भी

शशिकांत ओझा


बलिया: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव शुक्रवार को सिकंदरपुर क्षेत्र के गोसाईंपुर गांव पहुंचे। यहां उन्होंने समाजवादी पार्टी के दिवंगत वरिष्ठ नेता एवं पूर्व नेता प्रतिपक्ष, पूर्व मंत्री राम गोविंद चौधरी को उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद उन्होंने शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदना व्यक्त की।
पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का हेलीकॉप्टर दोपहर 12:52 बजे चेतन किशोर मैदान में उतरा। उनके साथ शिवपाल सिंह यादव भी पहुंचे। इसके बाद अखिलेश यादव सड़क मार्ग से गोसाईपुर स्थित राम गोविंद चौधरी के आवास पहुंचे। वहां पहले से मौजूद बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने नारेबाजी कर उनका स्वागत किया। श्रद्धांजलि अर्पित करने और परिजनों से मुलाकात के बाद उन्होंने लोगों की मांग पर आवास की छत से उपस्थित जनसमूह को संबोधित भी किया।

‘राम और गोविंद दोनों नामों का संगम थे राम गोविंद चौधरी’

पत्रकारों से बातचीत के दौरान अखिलेश यादव ने राम गोविंद चौधरी को याद करते हुए कहा कि उनके नाम में राम भी था और गोविंद भी। उन्होंने कहा कि वह ऐसे जमीनी नेता थे, जिन्हें सदन के भीतर और बाहर दोनों जगह बलिया की समस्याओं की गहरी जानकारी थी। बलिया के कोने-कोने से उनका जुड़ाव था और वे जिले के क्रांतिकारियों की आवाज हमेशा बुलंद करते रहे। अखिलेश यादव ने कहा कि ऐसे नेता का निधन समाजवादी पार्टी के साथ ही बलिया के लिए भी बड़ी क्षति है। उन्होंने कहा कि राम गोविंद चौधरी के निधन से उनके परिवार को हुई क्षति की भरपाई तो नहीं की जा सकती, लेकिन समाजवादी पार्टी आने वाले समय में उनके परिवार के साथ खड़ी रहेगी और हरसंभव सहयोग करेगी।

एयरपोर्ट के नाम और निजीकरण पर सरकार को घेरा

एयरपोर्ट का नाम बदलने और निजीकरण से जुड़े सवाल पर अखिलेश यादव ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि एयरपोर्ट का निर्माण होने के बावजूद सरकार उनका निजीकरण कर रही है। उनके मुताबिक, सरकार की नीतियों के कारण छोटे-बड़े एयरपोर्ट निजी हाथों में जा रहे हैं और भविष्य में अन्य एयरपोर्ट भी इस प्रक्रिया का हिस्सा बन सकते हैं। उन्होंने कहा कि नाम बदलने की राजनीति करने वाली सरकार को जनता जवाब देगी।

अयोध्या में चढ़ावे की चोरी का लगाया आरोप

अखिलेश यादव ने अयोध्या में श्रद्धालुओं के चढ़ावे से जुड़ी कथित चोरी का मुद्दा उठाते हुए सरकार पर सवाल खड़े किए। उन्होंने आरोप लगाया कि श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाए गए चढ़ावे में चोरी की घटनाएं हुई हैं। उन्होंने कहा कि अयोध्या के लोग भी भाजपा सरकार की नीतियों पर सवाल उठा रहे हैं। अखिलेश यादव के संबोधन के दौरान समर्थकों ने नारेबाजी की। बाद में समाजवादी पार्टी के एक वरिष्ठ नेता की अपील पर कार्यकर्ताओं ने नारे बदलते हुए ‘राम गोविंद चौधरी अमर रहें’ और ‘स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव अमर रहें’ के नारे लगाए। इससे पूरा क्षेत्र नारों से गूंज उठा।

एक घंटे दो मिनट गोसाईपुर में रहे अखिलेश यादव

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का हेलीकॉप्टर शुक्रवार दोपहर 12:52 बजे चेतन किशोर ग्राउंड में उतरा। गोसाईपुर में दिवंगत नेता राम गोविंद चौधरी को श्रद्धांजलि देने और उनके परिजनों से मुलाकात के बाद वह दोपहर 1:54 बजे हेलीकॉप्टर से रवाना हो गए। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों से बातचीत भी की और उपस्थित लोगों को संबोधित किया।

श्रद्धांजलि देने पहुंचे समाजवादी पार्टी के दिग्गज नेता

दिवंगत सपा नेता राम गोविंद चौधरी को श्रद्धांजलि देने शुक्रवार को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और वरिष्ठ नेता शिवपाल सिंह यादव गोसाईपुर पहुंचे। इस दौरान उनके पुत्र रंजीत चौधरी समेत परिवार के अन्य सदस्य मौजूद रहे। श्रद्धांजलि सभा में पूर्व मंत्री अंबिका चौधरी, संग्राम सिंह यादव, विधायक मोहम्मद जियाउद्दीन रिजवी, नीरज सिंह गुड्डू, प्रदेश सचिव सपा अकमल नईम खां मुन्ना, मदन राय, चंद्रमा यादव, रामजी यादव, जिलाध्यक्ष सुनील मौर्या, मनीष सिंह परिहार, ओम प्रकाश सिंह, शिव शंकर चौहान और संजय उपाध्याय सहित बलिया एवं आसपास के जिलों से आए कई वरिष्ठ सपा नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

राम गोविंद चौधरी के नाम पर होगा बड़ा कार्य : अखिलेश यादव

दिवंगत सपा नेता राम गोविंद चौधरी की श्रद्धांजलि सभा में पहुंचे सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी राष्ट्रीय महापुरुषों के नाम पर पार्क सहित विभिन्न जनहित के कार्य कराती रही है। इसी तरह राम गोविंद चौधरी के नाम पर भी सरकार बनने पर कोई बड़ा कार्य कराया जाएगा। उन्होंने दिवंगत नेता के योगदान को याद करते हुए उनके नाम को सम्मान देने की बात कही।