
-राष्ट्रनायक चंद्रशेखर मैराथन समिति
-विदेशी धावकों संग 763 एथलिटों ने कराया रजिस्ट्रेशन

शशिकांत ओझा
बलिया : पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर की स्मृति में रविवार को होने वाले 7वें चंद्रशेखर हाफ मैराथन में प्रतिभाग करने के लिए बड़ी संख्या में विदेशी धावक बलिया पहुंचे हैं। राष्ट्रनायक चंद्रशेखर मैराथन समिति के तत्वावधान में आयोजित सदभावना दौड़ के लिए शनिवार को केनिया इथोपिया से आए दर्जन भर धावकों ने अपना रजिस्ट्रेशन कराया। विदेशी धावकों सहित कुल 763 ने अपना पंजीयन करा लिया है।

चंद्रशेखर हाफ मैराथन को लेकर इस बार उत्साह कुछ अधिक ही दिख रहा है। समिति के सचिव उपेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि इस बार पिछले वर्ष की अपेक्षा अधिक विदेशी धावक प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे। वहीं, वीर लोरिक स्पोर्ट्स स्टेडियम में आफलाइन रजिस्ट्रेशन कराने के लिए देश के दूसरे राज्यों के साथ ही जिले के भी खिलाड़ी पहुंच रहे हैं। धावकों के बलिया रेलवे स्टेशन पहुंचते ही मैराथन समिति के सदस्य स्वागत कर रहे हैं। मैराथन समिति ने विदेशी धावकों के साथ ही राजस्थान और हरियाणा से आए धावकों को शहर के विभिन्न होटलों में ठहराने का प्रबंध किया है। लगभग 763 धावकों ने ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराया है।


