

-शैक्षणिक गतिविधि
-जिलास्तरीय सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता के विजेताओं का हुआ सम्मान,
प्रतियोगिता के टॉपर अनुराग कुमार को प्रशस्ति पत्र सहित मिली साइकिल

शशिकांत ओझा
बलिया : किंडरगार्टेन एकेडमी, सुहवल में आयोजित जिलास्तरीय सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता के पुरस्कार वितरण समारोह में मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विद्यालयों से 975 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले छात्र को विद्यालय की ओर से साइकिल पुरस्कार स्वरूप भेंट की गई।





समारोह के मुख्य अतिथि प्रख्यात मेडिटेशन गुरु सत्येन्द्र नाथ मिश्रा ने विद्यार्थियों को ध्यान एवं आत्मविश्वास का महत्व बताते हुए कहा कि प्रत्येक बच्चे में असीम संभावनाएं छिपी होती हैं। उन्होंने कहा कि “हर विद्यार्थी हनुमान की तरह अतुलित बल का धनी है, लेकिन उसकी क्षमता को पहचानने और उसे सही दिशा देने के लिए एक जामवंत की आवश्यकता होती है। शिक्षक ही वह जामवंत हैं जो बच्चों की प्रतिभा को निखारते हैं।” उन्होंने विद्यालय प्रबंधन से बच्चों को ध्यान एवं मेडिटेशन से जोड़ने का आग्रह किया, ताकि उनका सर्वांगीण विकास हो सके। विशिष्ट अतिथि सहतवार नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि एवं वरिष्ठ समाजवादी पार्टी नेता नीरज सिंह ‘गुड्डू’ ने विजेता विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं बच्चों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करती हैं और उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करती हैं। विद्यालय के एमडी उत्कर्ष मिश्र ने कहा कि प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में ज्ञान के प्रति रुचि एवं प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करना है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष प्रतियोगिता में 975 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया, जो विद्यालय के लिए गौरव का विषय है। विद्यालय के प्रबंधक प्रभाकर मिश्र ने सभी अतिथियों एवं अभिभावकों का स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन चंदन अखिलेश पांडेय ने किया। इस अवसर पर विद्यालय की छात्रा सौम्या गुप्ता ने मनमोहक सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।
प्रतियोगिता के विजेता
प्रथम: अनुराग कुमार (साइकिल पुरस्कार)
द्वितीय: शाहिल कुमार
तृतीय: ज्ञानेश्वर सिंह एवं युवराज सिंह
इसके अलावा कुशाग्र, दिव्यांश सिंह, अथर्व सिंह, हिमांशु यादव, छट्ठू सिंह, शिवम कुमार, अथिराज सिंह, गौरव पांडेय, आर्यन राज, सूर्यांश यादव, गौरी पांडेय, प्रिंस यादव, रघुराज प्रताप सिंह सहित अनेक प्रतिभागियों को भी सम्मानित किया गया। समारोह में उपप्रधानाचार्य निर्भय नारायण सिंह, पूर्व प्रधानाचार्य ईश्वर दयाल मिश्र, हरेंद्र नाथ मिश्रा, सुनील मिश्रा (प्रतिनिधि योगेश्वर सिंह), कामेश्वर सिंह, जितेन्द्र मिश्रा, मनोज द्विवेदी, हरेंद्र नाथ सिंह, टुनटुन मिश्र सहित अनेक गणमान्य नागरिक, अभिभावक एवं शिक्षक उपस्थित रहे।





