अन्य उत्तर प्रदेश खेल देश पूर्वांचल बलिया राजनीति राज्य

पं. बंगाल सीएम के पीए हत्याकांड के एक आरोपी ने किया आत्मसमर्पण

-सीबीआई की टीम लंबे समय से कर रही थी तलाश, लगातार दे रही थी दबिश
-आत्मसमर्पण करने वाले अभियुक्त की पत्नी ने कहा मेरे पति हैं निर्दोष, गलत फंसाया

शशिकांत ओझा

बलिया : पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ हत्याकांड में बलिया के एक अभियुक्त ने गुरुवार को बलिया गैंगेस्टर कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया। हालांकि यह सरेंडर एक दूसरे मामले था। बलिया न्यायालय से एनबीडब्ल्यू जारी था। मोनू की तलाश सीबीआई भी कर रही थी। आरोपी पर सीएम के पीए हत्याकांड में इस्तेमाल हुई कार को खरीदने का आरोप है। आरोपी बलिया के बांसडीह रोड क्षेत्र के शीतल दवनी गांव निवासी ज्ञानेंद्र सिंह मोनू है। मोनू की पत्नी महिमा सिंह ने आत्मसमर्पण की पुष्टि किया और कहा पति को फर्जी रूप से फंसाया जा रहा है।

बताया जाता है कि ज्ञानेंद्र पर हत्याकांड में प्रयोग की गई कार खरीदने व नवीन को असलहा देने का आरोप है। यूपी एसटीएफ व सीबीआई टीम काफी दिनों से ज्ञानेंद्र की तलाश कर रही थी। वह जांच एजेंसियों की आंखों में धूल झोंक कर पूर्व में चल रहे गैंगस्टर मामले में कोर्ट में हाजिर हो गया। इसकी खबर लगते ही जांच एजेंसियां सक्रिय हो गईं।
ज्ञानेंद्र सिंह मोनू के हाजिर होने से एक घंटा पूर्व मोनू ने फेसबुक पर पोस्ट डाली थी, जिसमें वह पीएम व सीएम से चंद्रनाथ रथ हत्याकांड मामले में फर्जी रूप से फंसाने का आरोप लगाते हुए मामले की जांच कराने की गुहार लगा रहा है। उसने गांव के एक व्यक्ति पर षणयंत्र रचने का आरोप लगाया। जांच के बाद ही पता चलेगा कि रथ हत्याकांड में मोनू की क्या भूमिका है। रथ हत्याकांड की जांच कर रही सीबीआई टीम के निर्देश पर यूपी एसटीएफ व फेफना पुलिस ने थमह्नपुरा गांव निवासी नवीन सिंह के पास से पांच असलहा व 45 कारतूस बरामद किया था। नवीन ने मोनू सिंह व भीखपुर निवासी गोलू सिंह पर हथियार देने का आरोप लगाया। जिसके बाद जांच टीम मोनू सिंह, गोलू सिंह व बालू गिट्टी व्यवसायी से कार खरीदवाने वाला फुलवरिया निवासी युवक की खोजबीन कर रही थी। ज्ञानेंद्र मोनू पर बांसडीह रोड, छत्तीसगढ़, झारखंड सहित कई राज्यों व थानों में 12 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। वर्ष 2022 में गांव के मुकेश सिंह से जमीनी विवाद को लेकर फायरिंग का मामला आया था, जिसमें मोनू सहित अन्य पर विभिन्न धारा में मुकदमा दर्ज हुआ था। उधर, पीए हत्याकांड में मोनू का नाम आने पर मुकेश सिंह की पत्नी रीमा सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से अपने परिवार की सुरक्षा की गुहार लगाई है।