अन्य उत्तर प्रदेश खेल देश पूर्वांचल बलिया राजनीति राज्य

मासूम बच्ची से गलत हरकत करने वाला प्रधानाध्यापक गिरफ्तार, निलंबित

-बड़ी कार्रवाई
-आरोपी प्रधानाध्यापक को पुलिस ने किया गिरफ्तार
-जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने किया निलंबित

शशिकांत ओझा

बलिया : शिक्षा क्षेत्र नवानगर के उस प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक फैजुल्लाह अंसारी को बीएसए मनीष कुमार सिंह ने सस्पेंड कर दिया, जिसे स्कूल की मासूम बच्ची से गलत हरकत करने के आरोप में पुलिस ने जेल भेजा है। खंड शिक्षा अधिकारी की जांच रिपोर्ट के आधार पर बीएसए ने यह कार्रवाई की है।

विद्यालय के प्रधानाध्यापक फैजुल्लाह अंसारी पर आरोप है कि उन्होंने बच्ची को चाकलेट देने के बहाने अपने पास बुलाया और उसे फुसलाकर स्कूल के बाथरूम में ले गया था। बच्ची ने अपनी मां को बताया था कि प्रधानाध्यापक एक और बच्ची के साथ अश्लील हरकत कर चुका है। घटना से आहत पीड़ित छात्रा की मां ने सिकंदरपुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया। इसके साथ ही पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया। वहीं, मामले की गंभीरता को देखते हुए शिक्षा विभाग ने भी जांच शुरू की थी।
खंड शिक्षा अधिकारी की रिपोर्ट में प्रथम दृष्टया आरोप गंभीर पाए जाने के बाद बीएसए ने निलंबन का आदेश जारी किया। आदेश में कहा गया है कि निलंबन अवधि के दौरान आरोपित प्रधानाध्यापक का मुख्यालय खंड शिक्षा अधिकारी, नवानगर कार्यालय निर्धारित रहेगा। साथ ही उनके विरुद्ध उत्तर प्रदेश सरकारी सेवक (अनुशासन एवं अपील) नियमावली-1999 के तहत विभागीय कार्रवाई की जाएगी। शीघ्र ही आरोप पत्र भी जारी किया जाएगा। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल बन गया था। अभिभावकों और ग्रामीणों ने आरोपित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की थी।बीएसए ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की विभागीय कार्रवाई की जाएगी।