अन्य उत्तर प्रदेश खेल देश पूर्वांचल बलिया राजनीति राज्य

सम्पूर्ण समाधान दिवस में गूंजा चितबड़ागांव तेलिया पोखरा अतिक्रमण का मामला

-अब हटेगा अतिक्रमण
-जिलाधिकारी का निर्देश, अतिक्रमण हटने की लोगों में जगी उम्मीद

शशिकांत ओझा

बलिया : आदर्श नगर पंचायत चितबड़ागांव के वार्ड संख्या-6 स्थित प्राचीन शिव मंदिर परिसर एवं ऐतिहासिक तेलिया पोखरा पर अतिक्रमण का मामला सोमवार को आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्रमुखता से उठा। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने राजस्व विभाग की टीम को मौके का निरीक्षण कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने राजस्व अधिकारियों को निर्देशित किया कि धारा-167 के तहत आवश्यक कार्रवाई करते हुए तेलिया पोखरा को शीघ्र अतिक्रमण मुक्त कराया जाए, ताकि इसके सौंदर्यीकरण का कार्य बिना किसी बाधा के शुरू कराया जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक जलाशयों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
बताते चलें कि नगर पंचायत अध्यक्ष अमरजीत सिंह के प्रयासों से तेलिया पोखरा के सौंदर्यीकरण का प्रस्ताव वंदन योजना के अंतर्गत स्वीकृत हो चुका है तथा इसके लिए शासन से धनराशि भी उपलब्ध करा दी गई है। कार्यदायी संस्था सीएनडीएस द्वारा निर्माण कार्य का टेंडर भी जारी किया जा चुका है।

इसके बावजूद अतिक्रमण के कारण अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है। स्थानीय लोगों का कहना है कि तेलिया पोखरा नगर की ऐतिहासिक और धार्मिक धरोहर है। यदि इसे अतिक्रमण मुक्त कर सौंदर्यीकरण कराया जाता है तो न केवल इसकी ऐतिहासिक पहचान संरक्षित होगी, बल्कि नगरवासियों को एक स्वच्छ, सुंदर एवं उपयोगी सार्वजनिक स्थल भी उपलब्ध होगा। अब लोगों की निगाहें जिलाधिकारी के निर्देशों के बाद होने वाली कार्रवाई और सौंदर्यीकरण कार्य के शीघ्र शुभारंभ पर टिकी हैं।