
-प्रतिभा सम्मानित
-वीर लोरिक स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित प्रतियोगिता में विहान ने जीता स्वर्ण पदक

शशिकांत ओझा
बलिया : विहान विद्यापीठ, पकड़ी में सोमवार को जिला स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर स्वर्ण पदक जीतने वाली विजेता टीम के खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों का भव्य स्वागत किया गया। विद्यालय परिवार ने विजेता खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


ज्ञातव्य है कि विहान विद्यापीठ की हॉकी टीम ने जिला स्तरीय प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में सनबीम स्कूल, बलिया को टाई-ब्रेकर में 3–1 से पराजित कर स्वर्ण पदक प्राप्त किया था। टीम की इस शानदार जीत में मनीष, प्रियंशु एवं सूर्यांश ने गोल कर महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सम्मान समारोह में विद्यालय के प्रबंध निदेशक नीतीश उपाध्याय, प्रधानाचार्य सीके सिंह एवं वरिष्ठ शिक्षक आलोक मिश्र ने विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया। खिलाड़ियों को विद्यालय की ओर से शुभकामनाएं देते हुए उनके कठिन परिश्रम, अनुशासन, खेल भावना एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की गई। इस अवसर पर अध्यक्ष अजय उपाध्याय ने कहा कि खिलाड़ियों की यह उपलब्धि पूरे विद्यालय परिवार के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ खेल विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण और सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। विद्यालय भविष्य में भी प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग एवं सुविधाएं प्रदान करता रहेगा। प्रबंध निदेशक नीतीश उपाध्याय ने कहा कि यह विजय खिलाड़ियों की निरंतर मेहनत, लगन और प्रशिक्षकों के कुशल मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने खिलाड़ियों को भविष्य की प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसी उपलब्धियां अन्य विद्यार्थियों को भी खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती हैं। प्रधानाचार्य सीके सिंह ने कहा कि खिलाड़ियों ने मैदान पर जिस अनुशासन, आत्मविश्वास, धैर्य और टीम भावना का परिचय दिया, वह अत्यंत प्रशंसनीय है। उन्होंने कहा कि विद्यालय को अपने इन प्रतिभाशाली खिलाड़ियों पर गर्व है और उनकी सफलता विद्यालय के अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है।

विजेता टीम में संदीप, रुद्र, मनीष, किशन, शुधांशु, प्रियंशु, अमन, अखिलेश, सुधांशु कुमार, आर्यन भारद्वाज, सूर्यांश, चंदन, निखिल, सत्यम एवं अभिषेक शामिल रहे। टीम के मुख्य प्रशिक्षक राजू खान एवं प्रशिक्षक शुभम तिवारी को भी उनके उत्कृष्ट मार्गदर्शन और खिलाड़ियों को तैयार करने में किए गए अथक प्रयासों के लिए सम्मानित किया गया। समारोह के दौरान विद्यालय के विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ विजेता खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। खिलाड़ियों के चेहरे पर विजय की खुशी और विद्यालय परिवार में गर्व का भाव स्पष्ट दिखाई दिया। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि विहान विद्यापीठ केवल शैक्षणिक उत्कृष्टता ही नहीं, बल्कि खेल, अनुशासन, नेतृत्व और व्यक्तित्व विकास के क्षेत्र में भी विद्यार्थियों को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। स्वर्णिम उपलब्धि पर पूरा विहान विद्यापीठ परिवार अपने विजेता खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित करता है।



