अन्य उत्तर प्रदेश खेल देश पूर्वांचल बलिया राजनीति राज्य

विहान विद्यापीठ में अभिभावक कार्यशाला का भव्य आयोजन

शैक्षणिक गतिविधि
-विद्यालय परिसर में बड़ी संख्या में जुटे अभिभावक, बांटा अनुभव

शशिकांत ओझा

बलिया: विहान विद्यापीठ में अभिभावकों के लिए एक विशेष एवं प्रेरणादायक कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य बच्चों के सर्वांगीण विकास में अभिभावकों की भूमिका को सशक्त बनाना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य सीके सिंह ने संस्थान के प्रबंध निदेशक नितीश उपाध्याय के सम्मान के साथ किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में अभिभावकों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को गरिमामय बना दिया।


कार्यशाला के संसाधन व्यक्ति स्वयं प्रधानाचार्य सीके सिंह रहे। उन्होंने प्रातः 10:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक अपने प्रभावी एवं रोचक प्रस्तुतीकरण से सभी अभिभावकों को बांधे रखा। उन्होंने नौनिहालों की छोटी से छोटी आवश्यकताओं पर विस्तार से चर्चा की तथा अभिभावकों से यह संकल्प भी दिलाया कि वे अपने बच्चों के सर्वांगीण विकास के प्रति सदैव सकारात्मक सोच रखेंगे।

यह कार्यशाला 3 से 7 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के अभिभावकों के लिए विशेष रूप से आयोजित की गई थी। स्वागत संबोधन में प्रबंध निदेशक नितीश उपाध्याय ने कहा कि बच्चों की परवरिश अत्यंत संवेदनशील एवं जिम्मेदारीपूर्ण कार्य है, जिसे सही दिशा और समझ के साथ किया जाना आवश्यक है, ताकि उनके व्यक्तित्व का समग्र विकास सुनिश्चित हो सके। कार्यक्रम का संचालन राधा द्वारा अत्यंत कुशलता एवं प्रभावी ढंग से किया गया। कार्यशाला के दौरान विभिन्न रोचक एवं ज्ञानवर्धक गतिविधियों के माध्यम से अभिभावकों को बच्चों के पालन-पोषण के सही तरीकों से अवगत कराया गया। इस अवसर पर संस्थान के चेयरमैन अजय उपाध्याय ने कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु प्रबंध निदेशक, प्रधानाचार्य, समन्वयक दिव्या सहित समस्त शिक्षकगण एवं विद्यार्थियों को धन्यवाद दिया। अपने संबोधन में कहा कि संस्था कम शुल्क में भी अभिभावकों और विद्यार्थियों को उत्कृष्ट एवं विशिष्ट सुविधाएं प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। आगे कहा कि जनपद में प्रयोगशाला, समृद्ध पुस्तकालय एवं खेल सुविधाओं जैसी व्यवस्थाएं बहुत कम विद्यालयों में उपलब्ध हैं, फिर भी संस्था विद्यार्थियों के लिए हर संभव सुविधा उपलब्ध कराने हेतु सदैव तत्पर है। कार्यक्रम के अंत में अभिभावकों ने कार्यशाला की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए इसे अत्यंत उपयोगी एवं प्रेरणादायक बताया तथा भविष्य में भी ऐसे आयोजनों की अपेक्षा व्यक्त की। अंत में धन्यवाद ज्ञापन समन्वयक दिव्या द्वारा प्रस्तुत किया गया, जिसमें उन्होंने सभी अभिभावकों, अतिथियों एवं विद्यालय परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया।