अन्य उत्तर प्रदेश खेल देश पूर्वांचल बलिया राजनीति राज्य

बेसिक शिक्षा परिषद में अब तक शून्य नामांकन वाले विद्यालयों पर गिरेगी गाज

-बीएसए का अल्टिमेटम
-सरकार और विभाग के इतने प्रयास के बाद भी ज़िले में शून्य नामांकन वाले अभी दर्जनों
-स्कूल चलो अभियान की शुरुआत के बाद स्कूलों में शुरू है नामांकन की प्रक्रिया

शशिकांत ओझा

बलिया : बेसिक शिक्षा परिषद के विद्यालयों में इन दिनों नवीन बच्चों के नामांकन की प्रक्रिया का दौर चल रहा है। स्कूल चलो अभियान के माध्यम से सरकार और विभाग अधिकाधिक बच्चों को स्कूल तक पहुंचाने में जुटा है। ऐसे परिवेश में भी जनपद में कुछ ऐसे विद्यालय हैं जहां अब तक नामांकन शून्य है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मनीष कुमार सिंह ने इसे गंभीरता से लेते हुए ऐसे विद्यालयों के सभी कर्मचारियों पर कार्रवाई करने का अल्टिमेटम दिया है। बीएसए ने कहा है कि एक दो दिन बाद भी यदि नामांकन शून्य रहता है तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

जनपद में स्कूल चलो अभियान को लेकर जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह, मुख्य विकास अधिकारी ओजस्वी राज, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मनीष कुमार सिंह खुद बहुत गंभीर हैं। जनपद भर में नामांकन भी अब तक ठीक ठाक हुआ है पर कुछ विद्यालय जनपद में ऐसे हैं जहां के प्रधानाध्यापक, शिक्षक, शिक्षा मित्र सहित सभी कर्मचारियों के कान तक जूं नहीं रेंग रहा। उनके यहां एक भी नवीन प्रवेश नहीं हुआ है। नामांकन संख्या शून्य है। ऐसे विद्यालयों पर गाज गिरने का समय अब लगभग आ गया है। बीएसए मनीष कुमार सिंह ने कड़े शब्दों में चेतावनी दी है कि यदि दो से तीन दिन में जीरो नामांकन वाले स्कूल में प्रवेश नही कराया जाता है तो विद्यालय के सभी स्टाफ की जिम्मेदारी तय कर कार्यवाही की जाएगी।