अन्य उत्तर प्रदेश खेल देश पूर्वांचल बलिया राजनीति राज्य

मुंडन संस्कार में गए चार बच्चे गंगा मे डूबे, मौत

-हृदय विदारक घटना
-घटना कोतवाली थानांतर्गत शिवरामपुर गंगा घाट पर
-सुनते ही मौके पर पहुंचे जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक

शशिकांत ओझा

बलिया : कोतवाली थाना क्षेत्र के शिवरामपुर संगम घाट पर रविवार को मुंडन संस्कार का उत्सव मातम में बदल गया। मुंडन संस्कार में शामिल होने आए दो युवक और दो युवतियां गंगा में डूबे गए और उनकी मौत हो गई। घटना के बाद कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक घटना स्थल पर पहुंच स्थिति का जायजा लिए और पीड़ितों के माता-पिता से मिले।

सुबह मुण्डन संस्कार (ओहार) के दौरान गंगा नदी में स्नान करते समय चार किशोर किशोरियां गहरे पानी में चले गए। बताया गया कि ये सभी मोबाइल से सेल्फी और रील बना रहे थे, तभी अचानक संतुलन बिगड़ने से गहरे पानी में डूब गए। हादसे में हर्षिता चौहान (17) और नंदिता चौहान (12) निवासी रामपुर भोज, थाना गड़वार, अरुण चौहान (20) निवासी कल्याणीपुर, थाना फेफना तथा अर्जुन चौहान (21) निवासी महेशपुर, गाजीपुर की डूबने से मौत हो गई। घटना के दौरान अर्पिता और साधना नाम की दो बालिकाओं को स्थानीय नाविकों और गोताखोरों ने समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन, स्थानीय गोताखोरों, नाविकों तथा अग्निशमन एवं आपात सेवा की टीम ने संयुक्त रूप से सर्च ऑपरेशन चलाया। कड़ी मशक्कत के बाद चारों शवों को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक भी मौक़े पर तुरंत पहुंचे और पीड़ितों के परिजनों से मिले। जिलाधिकारी ने बताया कि मृतकों के परिजनों को राज्य आपदा मोचक निधि से आर्थिक सहायता प्रदान किए जाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस दर्दनाक घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है, वहीं प्रशासन ने घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी करने के निर्देश दिए हैं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके। इस घटनास्थल पर एडीएम अनिल कुमार, पियूष सिंह एवं अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।