
-हृदय विदारक घटना
-परिवार पर टूटा विपत्ति का पहाड़, पांच भाई बहनों में था सबसे बड़ा

शशिकांत ओझा
बलिया : हल्दी थाना क्षेत्र के बहादुरपुर चट्टी पर शनिवार की तड़के सुबह करीब 07 बजे तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।

जानकारी के अनुसार अगरौली दोपही निवासी अंकित उपाध्याय (20) पुत्र निरंजन उपाध्याय किसी काम से मोटरसाइकिल से बहादुरपुर चट्टी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बैरिया की तरफ से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में अंकित गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आसपास के लोगों ने वाहन को चालक सहित पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस वाहन और चालक को थाने ले गई। बताया जाता है कि मृतक तीन भाइयों और दो बहनों में सबसे बड़ा था। बेटे की मौत की सूचना मिलते ही मां अंजनी उपाध्याय सहित परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच में जुट गई है।


