अन्य उत्तर प्रदेश खेल देश पूर्वांचल बलिया राजनीति राज्य

दिखा पूर्व मंत्री नारद राय की सिफारिश का असर, मंगई नदी का ड्रेन होगा साफ़

-विधानसभा फेफना का विकास
-करइल व पंचगांवां के लगभग 50 गांवों के किसानों को मिलेगी बड़ी राहत
-पूर्व मन्त्री नारद राय के साथ अधिकारियों ने किया स्थलीय निरीक्षण

शशिकांत ओझा

बलिया : विधानसभा फेफना के सोहांव ब्लॉक में स्थित मंगई नदी से जुड़ने वाले नाले की खुदाई व पुलिया के निर्माण कार्य हेतु विगत दिनों पूर्व मन्त्री नारद राय ने जलशक्ति मन्त्री स्वतन्त्र देव सिंह से लखनऊ में मुलाक़ात कर किसानों की इस विकराल समस्या के निराकरण हेतु अनुरोध किया था। जलशक्ति मन्त्री ने आग्रह स्वीकार करते हुए अधिशासी अभियन्ता सिंचाई को दूरभाष पर त्वरित समाधान हेतु निर्देश दिया था। पूर्व मंत्री नारद राय की सिफारिश का असर धरातल पर उतर गया है अब ड्रेन की सफाई होगी।

जनता की समस्या के समाधान के क्रम में ही पूर्व मन्त्री नारद राय सिंचाई विभाग के कार्यालय पहुँचे। तदुपरान्त उन्होंने अधिशासी अभियन्ता सिंचाई राकेश कुमार, सहायक अभियन्ता राम मिलन गोंड़ व अवर अभियन्ता राजकुमार चौरसिया सहित सिंचाई विभाग के इंजीनियर्स की टीम को कड़ाके की धूप में मौके पर ले जाकर निरीक्षण कराया। इस क्रम में नरहीं से मंगई नदी तक जाने वाली करौंटी ड्रेन जिसकी लम्बाई लगभग साढ़े चार किलोमीटर है। तदुपरान्त शहाबुद्दीन पुर (कारो) से शुरू होने वाली फिरोजपुर ड्रेन जिसकी लंबाई ढाई किमी है, टुटुआरी बघौना से मंगई नदी तक जाने वाली नरहीं ड्रेन जिसकी लम्बाई साढ़े सात किमी है। टाड़ा ब्रम्हबाबा के स्थान के सुप्रसिद्ध सिद्धस्थल के परिक्षेत्र में जाने वाली ड्रेन की सफाई व कुछ विशेष जगहों पर पुलिया के निर्माण कार्य हेतु मौके पर इंजीनियर्स द्वारा निरीक्षण किया गया। अधिशासी अभियन्ता ने बताया कि जलशक्ति मन्त्री ने टेलीफोन पर प्राप्त निर्देश के क्रम में ड्रेन सफाई हेतु टेण्डर कर दिया गया है, बरसात के पूर्व ड्रेन सफाई का कार्य पूर्ण करा दिया जाएगा। निरीक्षण के समय पूर्व मंत्री नारद राय संग चिलचिलाती धूप में भी किसान व काश्तकार मौजूद रहे ‌ उपस्थित लोगों में हरेराम राय पूर्व प्रधान कैथवली, मनोज राय प्रधान टुटुआरी बघौना, राजेश सिंह पूर्व प्रधान दौलतपुर, जीतेन्द्र राय सदस्य कार्यसमिति भाजपा, अंजनी कुमार उपाध्याय, अमरनाथ राय, गोपाल राय नरहीं, पीएन. सिंह, मनभूसी राय, कमलेश सिंह, विनोद राय, चुन्नू बाबा, माला गुरू आदि उपस्थित रहे।

पूर्व मंत्री नारद राय ने जताया जलशक्ति मंत्री का आभार भी

करइल क्षेत्र के लोगों की इस विकराल समस्या के समाधान हेतु त्वरित कार्यवाही कराए जाने पर पूर्व मंत्री नारद राय ने जलशक्ति मन्त्री स्वतंत्रदेव का आभार व्यक्त किया।