अन्य उत्तर प्रदेश खेल देश पूर्वांचल बलिया राजनीति राज्य

स्वतंत्रता दिवस के दिन ही जमुना राम में हुआ सम्मान पूर्वक प्रतिभा का सम्मान

-स्वतंत्रता दिवस समारोह
-जमुना राम ग्रुप आफ कालेजेज चितबड़ागांव का आयोजन
-विश्वविद्यालय स्तर पर गोल्ड मेडल पाने वालों का हुआ सम्मान
-समाज के विशिष्ट जन, गणमान्य अतिथियों की भी रही मौजूदगी

शशिकांत ओझा

बलिया : जमुना राम ग्रुप ऑफ कालेजेज के तत्वावधान में स्वतन्त्रता दिवस के अवसर पर प्रतिभा सम्मान का भव्य एवं गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा, समाजसेवा एवं राष्ट्रनिर्माण के क्षेत्र से जुड़े अनेक गणमान्य अतिथियों के साथ विश्वविद्यालय स्तर पर गोल्ड मेडल प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि स्वदेशी जागरण मंच बिहार झारखंड के संगठन मंत्री अजय कुमार ने अपने विचार प्रस्तुत करते हुए कहा कि स्वतन्त्रता केवल अधिकार नहीं है बल्कि राष्ट्र के प्रति कर्तव्यों और जिम्मेदारियों का भी बोध कराती है। उन्होंने युवाओं से राष्ट्रहित, अनुशासन, शिक्षा और सामाजिक जिम्मेदारी को अपने जीवन का आधार बनाने का आह्वान किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के संस्थापक प्रबन्धक प्रो० धर्मात्मानन्द ने कहा कि देश की वास्तविक शक्ति उसकी युवा पीढ़ी और शिक्षित समाज में निहित है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को अपने ज्ञान और प्रतिभा का उपयोग राष्ट्र एवं समाज के विकास के लिए करना चाहिए। उन्होंने गोल्ड मेडल एवं टॉप 10 में आये हुए छात्र/ छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। ​इस अवसर पर जिला सम्पर्क प्रमुख मोती चन्द गुप्ता ने स्वतन्त्रता संग्राम के सेनानियों और उनके त्याग को याद करते हुए कहा कि आज की पीढ़ी को स्वतन्त्रता के मूल्यों को समझना और देश की एकता अखंडता को मजबूत करने में अपनी भूमिका निभानी चाहिए। ​इस अवसर पर आदर्श नगर पंचायत चितबड़ागांव, बलिया के पूर्व अध्यक्ष बृज कुमार सिंह ने कहा कि शिक्षा व्यक्ति के व्यक्तित्व निर्माण के साथ-साथ समाज को नई दिशा देने का माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों को मेहनत अनुशासन और संस्कार के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। इस कार्यक्रम के अवसर पर श्री जमुना राम स्नातकोत्तर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ० अंगद प्रसाद गुप्ता ने कहा कि विद्यार्थियों की उपलब्धियां किसी भी शिक्षण संस्थान की गौरव का विषय होती है। उन्होंने गोल्ड मेडल एवं टॉप 10 में आये हुए छात्र/छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि उनकी सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा स्रोत है। ​इस अवसर हरिशंकर प्रसाद विधि महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ० शौकत खान ने स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि विधि के विद्यार्थियों की जिम्मेदारी और भी अधिक है क्योंकि उन्हें भविष्य में समाज में न्याय, समानता और संवैधानिक मूल्यों की स्थापना में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी एवं भूमिका निभानी है। ​इस अवसर पर जमुना राम मेमोरियल स्कूल के प्राचार्य डॉ० अरुणेश मिश्रा ने कहा कि विद्यार्थियों की प्रतिभा को पहचानना और उन्हें सम्मानित करना उनके आत्मविश्वास ​को बढ़ाने का प्रभावी माध्यम है उन्होंने सम्मानित छात्र/छात्राओं को शुभकामना देते हुए निरन्तर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। ​समारोह में जननायक चन्द्रशेखर विश्वविद्यालय में गोर्ल्ड मेडल प्राप्त एवं टॉप 10 में आये हुए सभी छात्र/छात्राओं को महाविद्यालय की तरफ से स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करने वाले छात्र/छात्राओं के चेहरे पर खुशी एवं गर्व का भाव दिखायी दिया। बहुउद्देशीय हाल में उपस्थित सभी अतिथियों एवं महाविद्यालय के प्रबन्धक साथ ही सभी विभाग के सम्मानित शिक्षकों ने छात्र/छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम को चार चाँद लगाने वाले एवं सफल संचालन बृजेश गुप्ता ने किया। उन्होंने अपने प्रभावी संचालन से कार्यक्रम को व्यवस्थित एवं गरिमापूर्ण रूप प्रदान किया। कार्यक्रम के अन्त में उपस्थित अतिथियों, शिक्षकों, छात्र/छात्राओं एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।