अन्य उत्तर प्रदेश खेल देश पूर्वांचल बलिया राजनीति राज्य

पूर्व मंत्री नारद राय के दिल में उपजा विधानसभा फेफना सहित जनपद विकास का दर्द

-जिलाधिकारी से की मुलाकात चर्चा
-विधानसभा सभा फेफना की एक एक समस्या से जिलाधिकारी को कराया अवगत
-ज्ञापन देकर जनपद की ज्वलंत समस्याओं की तरह कराया डीएम का ध्यान आकर्षण
-निर्माणाधीन परियोजनाओं को तीव्र गति दिलाने की बात विस्तार से कहीं पूर्व मंत्री ने

शशिकांत ओझा

बलिया : भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता, विधानसभा क्षेत्र फेफना के सम्यक विकास के लिए चिंतित, उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री नारद राय ने जिलाधिकारी से शिष्टाचार मुलाकात कर जनपद के और विधानसभा क्षेत्र फेफना की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की और एक लंबा चौड़ा ज्ञापन भी सौंपा। ज्ञापन में पूर्व मंत्री नारद राय ने जिले की मूलभूत समस्याओं के निस्तारण की तरफ भी जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह का ध्यान आकर्षित कराया।

अपने ज्ञापन में जनपद की विभिन्न ज्वलंत समस्याओं, अधूरी विकास परियोजनाओं और बिजली, सड़क, सफाई व जलनिकासी जैसी मूलभूत सुविधाओं को बताया। कहा कि केंद्र एवं प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की डबल इंजन सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में लगातार विकास कार्य करा रही है। जनपद में भी कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं संचालित हैं, लेकिन अनेक योजनाओं की प्रगति धीमी होने से आम जनता को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पूर्व मंत्री ने निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज, जिला जेल, जननायक चंद्रशेखर स्पोर्ट्स कॉलेज तथा जिला अस्पताल समेत सीएचसी और पीएचसी अस्पतालों के सुदृढ़ीकरण कार्यों में तेजी लाने की मांग की। कहा स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए इन परियोजनाओं का समयबद्ध ढंग से पूरा होना जरूरी है। पूर्व मंत्री ने नगर पालिका परिषद बलिया की सफाई व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल उठाए। कहा कि शहर में कूड़ा डंपिंग की स्थायी व्यवस्था न होने के कारण समय से कूड़ा नहीं उठ पा रहा है, जिससे संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा बना हुआ है। बरसात से पहले नालों की सफाई और जलनिकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करने की बात कही। आरोप लगाया कि नगर पालिका की तीनों जेसीबी मशीनें पिछले छह माह से खराब पड़ी हैं, लेकिन उनकी मरम्मत कराने के बजाय किराए की जेसीबी लगाकर सरकारी धन का दुरुपयोग किया जा रहा है।

विधानसभा क्षेत्र फेफना की एक एक समस्या निपटाने की कही बात

पूर्व मंत्री नारद राय ने जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह विधानसभा क्षेत्र फेफना की एक एक समस्या का निस्तारण करने की बात कही। पूर्व मंत्री ने वैना-हल्दी बाईपास परियोजना के पहले चरण में वैना-बांसडीह रोड का निर्माण शुरू कराने, सोहांव विकासखंड की मंगई नदी तक जाने वाली लगभग 15 किलोमीटर लंबी ड्रेनों की सफाई कार्य गुणवत्ता के साथ कराने की बात कही। फेफना विधानसभा के साउथ फीडर में विद्युत आपूर्ति सुचारु कराने, मंगई नदी पर गंगहरा से इंदरपुर जाने वाली 11 हजार वोल्ट लाइन के जर्जर तार और खंभे बदलने तथा लाइन को पुल मार्ग से ले जाने की बात कही। कोटवां नारायणपुर क्षेत्र में एनएच-31 पर जर्जर विद्युत तार और खंभों को तत्काल बदलने की भी बात की। नगर पंचायत रतसड़ विद्युत उपकेंद्र पर लंबे समय से जेई और एसडीओ की तैनाती न होने से विद्युत आपूर्ति बाधित होने के मुद्दे पर भी चर्चा की। नगर पंचायत चितबड़ागांव में चितेश्वर नगर, गुदरी बाजार, ठठेरी मोहल्ला, कनकन जी के दरवाजे और हाता मोहल्ला सहित कई इलाकों में जर्जर तार और खंभे बदलने की मांग भी की। चितबड़ागांव से मर्ची खुर्द, महरेंव और उसरौली को जोड़ने वाले क्षतिग्रस्त संपर्क मार्ग के निर्माण, नगर पंचायत चितबड़ागांव में बस स्टैंड बनाने तथा बाजार क्षेत्र में सार्वजनिक शौचालय और शुद्ध पेयजल की व्यवस्था कराने की मांग की। मंडी समिति चितबड़ागांव की जर्जर सड़कों के जीर्णोद्धार, मंडी परिसर में पेयजल सुविधा उपलब्ध कराने तथा मान्यवर कांशीराम आवासों में रंगाई-पुताई, साफ-सफाई और पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित कराने की मांग की। पूर्व मंत्री नारद राय ने जनपद की सभी विधानसभा क्षेत्रों में चल रहे विकास कार्यों को व्यवस्थित, पारदर्शी और तेज गति से पूरा कराने की मांग की।