
-राहत भरी खबर
-मीडिया के माध्यम से तहसील गठन की राह मजबूत करने के लिए नारद राय ने जताया डीएम का आभार
-रामशाला चितबड़ागांव में हुआ आयोजन, प्रस्ताव में सहयोग करने वालों का सम्मान भी
-चितबड़ागांव के पूर्व चेयरमैन दारा सिंह, बृज कुमार सिंह सहित सभी विशिष्ट रहे मौजूद

शशिकांत ओझा
बलिया : विधानसभा फेफना के चितबड़ागांव में तहसील की स्थापना को लेकर शासन द्वारा मांगे गए प्रस्ताव को जिला प्रशासन की ओर से शासन को प्रेषित किए जाने पर वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व मंत्री नारद राय ने मुख्यमंत्री और जिलाधिकारी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उन्हें साधुवाद दिया। उन्होंने कहा कि चितबड़ागांव तहसील का प्रस्ताव क्षेत्रीय जनता की लंबे समय से चली आ रही मांग और आकांक्षाओं से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है।


रामशाला चितबड़ागांव में आयोजित कार्यक्रम में पूर्व मंत्री नारद राय ने कहा कि जनहित से जुड़े इस महत्वपूर्ण अभियान को आगे बढ़ाने में प्रशासनिक स्तर पर हुई पहल स्वागत योग्य है। उन्होंने मुख्यमंत्री के प्रति धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि शासन द्वारा प्रस्ताव मांगा जाना और जिला प्रशासन द्वारा उसे शासन को भेजा जाना क्षेत्र के लिए सकारात्मक संकेत है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में इस दिशा में ठोस निर्णय लिया जाएगा, जिससे चितबड़ागांव और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को प्रशासनिक सुविधाओं का लाभ स्थानीय स्तर पर मिल सकेगा।


इस अवसर पर तहसील के प्रस्ताव को लेकर अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने तथा सहयोग करने वाले लोगों को पूर्व मंत्री द्वारा सम्मानित भी किया गया। उन्होंने कहा कि किसी भी जनहित के अभियान की सफलता सामूहिक प्रयास से संभव होती है और चितबड़ागांव की जनता ने इस मुद्दे पर एकजुटता का परिचय दिया है। कार्यक्रम में पूर्व चेयरमैन बृज कुमार सिंह, पूर्व चेयरमैन अभिराम सिंह दारा, मोतीचंद गुप्ता, शशिकला तिवारी सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग और सैकड़ों की संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान चितबड़ागांव को तहसील बनाए जाने की मांग को लेकर लोगों में उत्साह और उम्मीद का माहौल दिखाई दिया।



