
-वरिष्ठ पत्रकार की जयंती
-पुष्पांजलि अर्पित कर सभी ने किया पं. प्रमोद कुमार उपाध्याय को नमन
-जनपद में दैनिक जागरण को स्थापित करने में रहा पं उपाध्याय का महत्वपूर्ण योगदान

शशिकांत ओझा
बलिया : विहान विद्यापीठ पकड़ी में शनिवार को विद्यालय परिवार की ओर से विद्यालय के संस्थापक चेयरमैन, वरिष्ठ पत्रकार एवं दैनिक जागरण के पूर्व जिला प्रबंधक पं. प्रमोद कुमार उपाध्याय की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई।


इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया तथा पत्रकारिता और समाज के क्षेत्र में उनके योगदान को याद किया। कार्यक्रम में त्रिविक्रम उपाध्याय, वरिष्ठ पत्रकार केदार नाथ ओझा, विद्यालय के चेयरमैन अजय कुमार उपाध्याय ‘बबुआ जी’, वरिष्ठ पत्रकार शशिकांत ओझा, प्रबंध निदेशक नितीश उपाध्याय, प्रधानाचार्य सीके सिंह सहित विद्यालय परिवार एवं क्षेत्र के कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। वक्ताओं ने कहा कि पं. प्रमोद कुमार उपाध्याय ने पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। दैनिक जागरण के जिला प्रबंधक के रूप में उन्होंने बलिया जनपद में अखबार को मजबूत आधार देने और उसे घर-घर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। बलिया में दैनिक जागरण को स्थापित करने का श्रेय उनके समर्पण, संगठन क्षमता और पत्रकारिता के प्रति प्रतिबद्धता को जाता है। उनका जीवन पत्रकारिता के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों से भी जुड़ा रहा। ग्रामीण परिवेश पकड़ी में विहान विद्यापीठ विद्यालय की स्थापना कर उन्होंने शिक्षा की एक ऐसी लौ जलाई जो आज एक मशाल बन कर शिक्षा का प्रकाश क्षेत्र में फैला रही है। उपस्थित लोगों ने कहा कि उनके विचार, कार्यशैली और पत्रकारिता के प्रति समर्पण आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेंगे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने उनके आदर्शों और मूल्यों को आत्मसात करने का संकल्प लिया तथा उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को नमन किया।



